केपटाउन टेस्ट: ऑस्ट्रेलिया ने पहली पारी के आधार पर बनाई बढ़त, ऐसा रहा दूसरा दिन
क्या है खबर?
केपटाउन में खेले जा रहे तीसरे टेस्ट में दक्षिण अफ्रीका क्रिकेट टीम की पहली पारी के 329 रन के जवाब में ऑस्ट्रेलिया क्रिकेट टीम ने दूसरे दिन के खेल की समाप्ति तक 4 विकेट खोकर 330 रन का स्कोर बनाया है। कंगारू टीम की बढ़त फिलहाल एक रन की हो गई है। स्टम्प्स तक क्रीज पर फिलहाल जोश इंग्लिस (85) और एलेक्स कैरी (51) बने हुए हैं। आइए दूसरे दिन के खेल पर एक नजर डालते हैं।
बल्लेबाजी
ऐसी रही ऑस्ट्रेलिया की बल्लेबाजी
दूसरे दिन बल्लेबाजी के लिए उतरे मैट रेनशॉ (74 ) और ट्रेविस हेड (41) की सलामी जोड़ी ने 58 रन जोड़े।
संभली हुई शुरुआत के बाद नंबर-3 पर खेलते उतरे मार्नस लाबुशेन अपना खाता भी नहीं खोल सके।
इसके बाद कैमरून ग्रीन (65), इंग्लिस (85) और एलेक्स कैरी (51) ने मध्यक्रम में उम्दा पारियां खेलते हुए टीम को बड़े स्कोर की ओर अग्रसर किया।
दक्षिण अफ्रीकी गेंदबाज विकेट लेने के लिए तरसते हुए नजर आए।
मैट रेनशॉ
मैट रेनशॉ ने अपने 1,000 टेस्ट रन पूरे किए
रेनशॉ ने पारी की शुरुआत करते हुए 139 गेंदों में 74 रन बनाए। यह उनके टेस्ट करियर का कुल 5वां और दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ दूसरा अर्धशतक साबित हुआ।
उनके नाम अब 30 पारियों में 36.50 की औसत के साथ 1,022 रन हो गए हैं। इस बीच उन्होंने 2 शतक और 5 अर्धशतक लगाए हैं।
वहीं, ग्रीन ने अपने टेस्ट करियर का नौवां अर्धशतक लगाया। वह 65 रन बनाकर आउट हुए।
साझेदारी
इंग्लिस और एलेक्स कैरी ने की बड़ी शतकीय साझेदारी
ऑस्ट्रेलिया ने एक समय 185 के स्कोर पर अपना चौथा विकेट गंवाया था।
ऐसे में इंग्लिस और कैरी ने मिलकर 5वें विकेट के लिए शतकीय साझेदारी की और ऑस्ट्रेलिया का स्कोर 300 रन के पार पहुंचाया।
इंग्लिस 111 गेंदों में 85 रन बनाकर क्रीज पर बने हुए हैं।
दूसरे छोर से कैरी ने उनका अच्छा साथ निभाया है। उन्होंने 126 गेंदों का सामना करते हुए नाबाद 51 रन बनाए हैं।
गेंदबाजी
ऐसी रही दक्षिण अफ्रीका की गेंदबाजी
दक्षिण अफ्रीका के प्रमुख तेज गेंदबाज कगिसो रबाडा कोई विकेट नहीं ले सके। उन्होंने अपने 18 ओवर में 81 रन खर्च किए।
बाएं हाथ के तेज गेंदबाज मार्को जानसेन ने 2 सफलताएं हासिल की। उन्होंने अपने 14 ओवर में 37 रन दिए।
स्पिनर साइमन हार्मर के खाते में भी 2 सफलताएं आई। उन्होंने 27 ओवर गेंदबाजी की, जिसमें 84 रन दिए।
गेराल्ड कोएत्जी और वियान मुल्डर कोई विकेट नहीं ले सके।
जानसेन
जानसेन ने पूरे किए अपने 100 टेस्ट विकेट
केप टाउन टेस्ट के तीसरे दिन के दौरान उन्होंने गेंदबाजी में अपने 100 टेस्ट विकेट पूरे किए। रेनशॉ उनके टेस्ट करियर का 100वां शिकार बने।
2021 के आखिर में अपना टेस्ट डेब्यू करने वाले जानसेन ने टेस्ट क्रिकेट में 5 पारियों में 5 विकेट हॉल लिए हैं।
उनके नाम एक मैच में कुल 10 विकेट लेने का कारनामा भी दर्ज है।
इस बाएं हाथ के तेज गेंदबाज ने सिर्फ 24 टेस्ट मैचों में 100 विकेट पूरे किए।