टी-20 विश्व कप: दक्षिण अफ्रीका की टीम, शेड्यूल और अन्य महत्वपूर्ण जानकारी
क्या है खबर?
टी-20 विश्व कप की शुरुआत 17 अक्टूबर से हो चुकी है, जिसमें इस समय पहले चरण के मैच खेले जा रहे हैं। वहीं 23 अक्टूबर से सुपर-12 चरण की शुरुआत होनी है।
इस विश्व कप में दक्षिण अफ्रीका की टीम की कमान टेम्बा बावुमा संभालेंगे। अब तक टी-20 विश्व कप का खिताब नहीं जीत सकी प्रोटियाज टीम इतिहास बदलना चाहेगी।
विश्व कप में दक्षिण अफ्रीका की टीम, शेड्यूल और अन्य महत्वपूर्ण जानकारी पर नजर डालते हैं।
ग्रुप-1
टी-20 विश्व कप में कठिन ग्रुप में है दक्षिण अफ्रीका
टी-20 विश्व कप में दक्षिण अफ्रीका की टीम ग्रुप-1 में शामिल है और अपने अभियान की शुरुआत 23 अक्टूबर को ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ मुकाबले से करेगा।
दक्षिण अफ्रीका के ग्रुप में गत विजेता वेस्टइंडीज और न्यूजीलैंड भी मौजूद हैं, ऐसे में विश्व कप में उनकी राह कठिन रहने वाली है।
इस साल टी-20 क्रिकेट में प्रोटियाज टीम का प्रदर्शन ठीक-ठाक रहा है, ऐसे में ग्रुप स्टेज में टीम का प्रदर्शन दिलचस्प रहने वाला है।
कार्यक्रम
ऐसा है दक्षिण अफ्रीका का पूरा कार्यक्रम
23 अक्टूबर: दक्षिण अफ्रीका बनाम ऑस्ट्रेलिया
26 अक्टूबर: दक्षिण अफ्रीका बनाम वेस्टइंडीज
30 अक्टूबर: दक्षिण अफ्रीका बनाम A1
02 नवंबर: दक्षिण अफ्रीका बनाम B2
06 नवंबर: दक्षिण अफ्रीका बनाम इंग्लैंड
टी-20 विश्व कप में सुपर-12 के मुकाबले शुरू होने से पहले ग्रुप स्टेज (राउंड-1) के मुकाबले खेले जा रहे हैं, जिसमें दो ग्रुप में कुल आठ टीमें भाग ले रही हैं। ग्रुप-A में पहले और ग्रुप-B में दूसरे नंबर पर रहने वाली टीम सुपर-12 के ग्रुप-1 में शामिल होंगी।
जानकारी
विश्व कप के लिए दक्षिण अफ्रीका की 15 सदस्यीय टीम
टेम्बा बावुमा (कप्तान), केशव महाराज, क्विंटन डी कॉक, ब्योर्न फॉर्टुइन, रीजा हेंड्रिक्स, हेनरिक क्लासेन, एडेन मार्कराम, डेविड मिलर, वियान मुल्डर, लुंगी एनगिडी, एनरिक नॉर्टजे, ड्वेन प्रिटोरियस, कगिसो रबाडा, तबरेज शम्सी और रसी वैन डेर डूसन। रिजर्व: जॉर्ज लिंडे, एंडिले फेहलुकवेओ और लीजड विलियम्स।
लेखा-जोखा
सेमीफाइनल से आगे नहीं बढ़ सकी है दक्षिण अफ्रीका
विश्व कप इतिहास की बात करें तो दक्षिण अफ्रीकी टीम अब तक खिताब नहीं जीत सकी है। बता दें प्रोटियाज टीम ने साल 2009 और 2014 के विश्व कप में सेमीफाइनल तक का सफर तय किया था।
दक्षिण अफ्रीका ने अपनी पिछली तीन टी-20 सीरीज में श्रीलंका, आयरलैंड और वेस्टइंडीज को हराया है। वहीं इस साल प्रोटियाज टीम को पाकिस्तान ने दो बार टी-20 सीरीज में शिकस्त दी है।