Loading...
दक्षिण अफ्रीका ने चौथे वनडे में ऑस्ट्रेलिया को हराकर सीरीज में हासिल की बराबरी
दक्षिण अफ्रीका ने दर्ज की जोरदार जीत (तस्वीर: एक्स/@ProteasMenCSA)

दक्षिण अफ्रीका ने चौथे वनडे में ऑस्ट्रेलिया को हराकर सीरीज में हासिल की बराबरी

Sep 16, 2023
12:14 am

क्या है खबर?

दक्षिण अफ्रीका क्रिकेट टीम ने सीरीज के चौथे वनडे मैच में ऑस्ट्रेलिया क्रिकेट टीम को 164 रन से हराकर 5 मैचों की सीरीज में 2-2 की बराबरी हासिल की। सेंचुरियन में खेले गए मैच में जीत के लिए मिले 417 रन के विशाल लक्ष्य का पीछा करते हुए ऑस्ट्रेलियाई टीम 34.5 ओवर में सभी विकेट खोकर 252 रन ही बना सकी। आइए मैच में बने रिकॉर्ड्स पर एक नजर डालते हैं।

लेखा-जोखा 

दक्षिण अफ्रीका ने दर्ज की जोरदार जीत 

पहले बल्लेबाजी करते हुए दक्षिण अफ्रीका से क्विंटन डिकॉक (45) और वेन डेर डुसेन (65) ने शीर्षक्रम में अच्छी बल्लेबाजी की। इनके बाद हेनरिक क्लासेन ने 174 रन की तूफानी पारी खेली और डेविड मिलर (82*) के साथ मिलकर बड़ी साझेदारी करते हुए टीम को बड़े स्कोर तक पहुंचा दिया।

जवाब में ऑस्ट्रेलिया ने नियमित अंतराल पर विकेट गंवाए। इस बीच मेहमान टीम से एलेक्स केरी ने 99 रन बनाकर संघर्ष किया, जो जीत के लिए नाकाफी था।

क्लासेन 

क्लासेन ने लगाया अपना तीसरा शतक 

पहले बल्लेबाजी करते हुए जब दक्षिण अफ्रीका ने 120 रन के स्कोर पर अपना तीसरा विकेट खोया था, तब क्लासेन बल्लेबाजी के लिए आए। उन्होंने क्रीज पर आते ही आक्रामक अंदाज में बल्लेबाजी की और महज 57 गेंदों में अपनी पारी को शतक में तब्दील कर दिया।

इसके बाद उन्होंने 77 गेंदों में अपना 150 रन का आंकड़ा भी पार किया।

वह 83 गेंदों पर 13 छक्के और इतने ही चौकों की मदद से 174 रन बनाकर आउट हुए।

ADVERTISEMENT

साझेदारी 

क्लासेन ने मिलर के साथ की 222 रन की साझेदारी 

क्लासेन ने मिलर (82*) के साथ मिलकर 5वें विकेट के लिए 94 गेंदों में 222 रन की साझेदारी की। यह 5वें या उससे निचले क्रम पर दक्षिण अफ्रीका की ओर से दूसरी सबसे बड़ी साझेदारी बन गई है।

बता दें कि प्रोटियाज टीम की ओर से 5वें विकेट के लिए सबसे बड़ी साझेदारी का रिकॉर्ड जेपी डुमिनी और मिलर के नाम है। इस जोड़ी ने 2015 में जिम्बाब्वे के खिलाफ मैच में 256 रन की साझेदारी की थी।

ADVERTISEMENT

रिकॉर्ड्स 

क्लासेन ने बनाए ये अन्य रिकॉर्ड्स 

क्लासेन ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ वनडे में दूसरे सबसे तेज शतक बनाने वाले बल्लेबाज बने हैं। उनसे आगे इस सूची में सिर्फ विराट कोहली (52 गेंद) हैं।

क्लासेन ने अपनी पारी में आज 13 छक्के लगाए। यह दक्षिण अफ्रीका की ओर से एक वनडे पारी में दूसरे सर्वाधिक छक्के हैं। इस मामले में क्लासेन से आगे सिर्फ डीविलियर्स (16 छक्के) ही हैं।

यह क्लासेन के वनडे करियर का दूसरा सबसे तेज शतक है।

क्लासेन 

केरी अपने दूसरे शतक से चूके 

जीत के लिए मिले 417 रन के विशाल लक्ष्य का पीछा करते हुए ऑस्ट्रेलिया ने जब 87 रन के स्कोर पर अपना तीसरा विकेट खोया, तब केरी बल्लेबाजी के लिए आए।

एक तरफ ऑस्ट्रेलिया ने नियमित अंतराल पर अपने विकेट गंवाए तो दूसरी तरफ केरी ने आक्रामक अंदाज में बल्लेबाजी करना जारी रखा।

वह 77 गेंदों में 9 चौकों और 4 छक्कों की मदद से 99 रन बनाकर आखिरी विकेट के रूप में आउट हुए।

क्लब 

इस क्लब में शामिल हुए केरी 

केरी 99 रन के व्यक्तिगत स्कोर पर आउट होने वाले ऑस्ट्रेलिया के सिर्फ चौथे बल्लेबाज बने हैं। उनसे पहले मैथ्यू हेडन (बनाम भारत, 2001), एडम गिलक्रिस्ट (बनाम श्रीलंका, 2003) और डेविड वार्नर (बनाम श्रीलंका, 2022) ऐसा कर चुके हैं।

दिलचस्प बात यह है कि ऑस्ट्रेलिया की ओर से डीन जोन्स, ब्रैड हॉज और माइकल क्लार्क 99 रन के स्कोर पर नाबाद रहने वाले अन्य बल्लेबाज हैं।

ADVERTISEMENT