LOADING...
कोलकाता में ही फंसे हुए हैं दक्षिण अफ्रीका-वेस्टइंडीज के खिलाड़ी, फिर से फ्लाइट हुई रद्द
कोलकाता में फंसे हुए हैं वेस्टइंडीज और दक्षिण अफ्रीकी खिलाड़ी (तस्वीर: एक्स/@ICC)

कोलकाता में ही फंसे हुए हैं दक्षिण अफ्रीका-वेस्टइंडीज के खिलाड़ी, फिर से फ्लाइट हुई रद्द

Mar 10, 2026
06:00 pm

क्या है खबर?

टी-20 विश्व कप 2026 का समापन हो चुका है और अब भी कुछ विदेशी टीमें अपने घर नहीं लौट पाई हैं। दरअसल, वेस्टइंडीज और दक्षिण अफ्रीका के खिलाड़ी अब भी कोलकाता में ही मौजूद हैं। खबरों के मुताबिक, इन टीमों के कोलकाता से बाहर ले जाने के लिए तय की गई चार्टर फ्लाइट मंगलवार (10 मार्च) को एयरस्पेस क्लियरेंस की दिक्कतों की वजह से रद्द कर दी गई। ऐसे में इन खिलाड़ियों का घर लौटने का इंतजार और बढ़ गया।

वेस्टइंडीज 

1 मार्च से अपने देश नहीं लौट सके हैं वेस्टइंडीज के खिलाड़ी 

1 मार्च को ईडन गार्डन में भारतीय क्रिकेट टीम से सुपर-8 में हारने के बाद से वेस्टइंडीज के खिलाड़ी कोलकाता में मौजूद है। इसी क्रम में दक्षिण अफ्रीकी टीम 4 मार्च को कोलकाता में ही न्यूजीलैंड के खिलाफ सेमीफाइनल मैच में हारी थी। इंडिया टुडे के मुताबिक, 12 दक्षिण अफ्रीकी खिलाड़ी और 2 सपोर्ट स्टाफ के साथ, वेस्टइंडीज के 12 खिलाड़ी और 10 सपोर्ट स्टाफ कोलकाता में फंसे हुए हैं।

रिपोर्ट 

दोनों टीमों ने एक ही फ्लाइट से भरनी थी उड़ान

पूर्व योजना के अनुसार, दोनों टीमों को जोहान्सबर्ग के लिए एक चार्टर फ्लाइट साझा करनी थी और इसके बाद वेस्टइंडीज के खिलाड़ियों ने एंटीगुआ रवाना होना था। टी-20 विश्व कप के बाद दोनों टीमों के भारत में फंस जाने के चलते फ्लाइट का इंतजाम किया गया था। हालांकि, पश्चिम एशिया में चल रहे तनाव के बीच इंटरनेशनल एयरस्पेस पर लगी पाबंदियों की वजह से इन टीमों की घर वापसी में व्यवधान पड़ रहा है।

Advertisement

पोस्ट 

माइकल वॉन ने ICC की व्यवस्था पर उठाए सवाल 

इंग्लैंड के पूर्व कप्तान माइकल वॉन ने ICC की व्यस्था को लेकर सवाल उठाए हैं। उन्होंने एक्स पर पोस्ट करते हुए लिखा, 'वेस्टइंडीज 1 मार्च को विश्व कप से बाहर हो गई थी और अब 9 मार्च है। वे अभी भी कोलकाता में फंसे हुए हैं। दक्षिण अफ्रीका भी उसी हालत में है। यह सही नहीं है। इंग्लैंड टूर्नामेंट से बाहर होने के 36 घंटे बाद चार्टर प्लेन से गई और ऐसी ही सभी टीमों के साथ होना चाहिए।'

Advertisement

बयान 

ICC ने वॉन के दावों को नकारा

BBC की एक रिपोर्ट के मुताबिक, ICC के एक अधिकारी ने वॉन के दावों को खारिज कर दिया। उन्होंने इस पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा, "डिपार्चर सीक्वेंस पर फैसले सिर्फ एयरस्पेस की उपलब्धता, एयरक्राफ्ट रूटिंग परमिशन, वीजा की जरूरतों और ऑपरेशनल सेफ्टी को ध्यान में रखकर लिए जा रहे हैं। यह कहना कि टीमों को इन दिक्कतों के अलावा किसी और चीज के आधार पर प्राथमिकता दी गई है, बिलकुल गलत है।"

Advertisement