Page Loader
सौरव गांगुली का BCCI अध्यक्ष बनना तय, गृहमंत्री अमित शाह के बेटे जय शाह बनेंगे सचिव

सौरव गांगुली का BCCI अध्यक्ष बनना तय, गृहमंत्री अमित शाह के बेटे जय शाह बनेंगे सचिव

Oct 14, 2019
11:57 am

क्या है खबर?

भारतीय क्रिकेट टीम को विश्वस्तर पर एक नई पहचान दिलाने वाले पूर्व भारतीय कप्तान सौरव गांगुली भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) के नए अध्यक्ष बनाए जा सकते हैं। इस पद के लिए गांगुली पूर्व क्रिकेटर बृजेश पटेल से आगे चल रहे हैं। सूत्रों के अनुसार पद की रेस में सौरव गांगुली काफी आगे हैं और उनका BCCI अध्यक्ष बनना लगभग तय है। वहीं गृहमंत्री अमित शाह के बेटे जय शाह को BCCI का सचिव बनाया जा सकता है।

रिपोर्ट्स

अनुराग ठाकुर के छोटे भाई अरुण धूमल बन सकते हैं BCCI के कोषाध्यक्ष

सूत्रों के मुताबिक BCCI की राज्य इकाइयों की अनौपचारिक बैठक में जय शाह को सचिव बनाए जाने पर आम सहमति बन गई है। वहीं केंद्रीय राज्य वित्तमंत्री अनुराग ठाकुर के छोटे भाई अरुण धूमल को BCCI का कोषाध्यक्ष नियुक्त किया जाना भी तय माना जा रहा है। हालांकि, BCCI के नए अध्यक्ष की नियुक्ति पर अभी तक राय स्पष्ट नहीं हो पाई है, लेकिन BCCI के करीबी सूत्रों की मानें तो सौरव गांगुली का BCCI अध्यक्ष बनना लगभग तय है।

कार्यकाल

10 महीने का ही होगा सौरव गांगुली का कार्यकाल

आपकी जानकारी के लिए बता दें कि गांगुली अगर BCCI अध्यक्ष बनते हैं, तो उनका कार्यकाल सिर्फ 2020 तक ही होगा। गांगुली पांच साल से बंगाल क्रिकेट के अध्यक्ष हैं। ऐसे में बोर्ड में 6 साल तक किसी पद पर रहने के बाद उन्हें कूलिंग ऑफ (आराम) दिया जाएगा। नियमों के मुताबिक बोर्ड में कोई भी सदस्य 9 साल तक किसी भी पद पर बना रह सकता है। गांगुली और जय शाह निर्विरोध अध्यक्ष और सचिव चुने जा सकते हैं।

IPL

इंडियन प्रीमियर लीग के चेयरमैन बन सकते हैं बृजेश पटेल

BCCI के पदाधिकारी ने न्यूज़ एजेंसी से कहा, "हमें गांगुली के नए BCCI अध्यक्ष चुने जाने पर बेहद खुशी है।" वहीं BCCI के एक विश्वस्नीय सूत्र ने बताया कि बृजेश पटेल अब इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) के नए चेयरमैन बन सकते हैं। अगर ऐसा होता है तो इसका मतलब है कि IPL के अगले सीज़न में राजीव शुक्ला अगले चेयरमैन नहीं होंगे। सूत्रों की मानें तो अनुराग ठाकुर ने ही अध्यक्ष पद के लिए गांगुली का नाम आगे किया है।

बातचीत

प्रथम श्रेणी के क्रिकेटरों की देखभाल करना मेरी पहली प्राथमिकता होगी- गांगुली

BCCI के अध्यक्ष बनने के प्रबल दावेदार सौरव गांगुली ने इंडिया टुडे से बातचीत में कहा, "प्रथम श्रेणी के क्रिकेटरों की देखभाल करना मेरी पहली प्राथमिकता होगी। मैंने CoA से पहले भी अनुरोध किया था, लेकिन उन्होंने मेरी नहीं सुनी। रणजी ट्रॉफी पर भी मेरा फोकस रहेगा। साथ ही खिलाड़ियों के वित्तीय हित का भी ध्यान रखा जाएगा।" उन्होंने आगे कहा कि वह नियुक्ति से खुश हैं और भारतीय क्रिकेट के लिए कुछ बड़ा करने की योजना बना रहे हैं।