Page Loader
BCCI अध्यक्ष सौरव गांगुली फिर से अस्पताल में भर्ती, सीने में दर्द की शिकायत

BCCI अध्यक्ष सौरव गांगुली फिर से अस्पताल में भर्ती, सीने में दर्द की शिकायत

Jan 27, 2021
03:43 pm

क्या है खबर?

भारतीय क्रिकेट फैंस और सौरव गांगुली के चहेतों के लिए कोलकाता से परेशान कर देने वाली खबर आई है। पूर्व भारतीय कप्तान और वर्तमान भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) के अध्यक्ष सौरव गांगुली को फिर से सीने में दर्द की शिकायत होने पर अपोलो अस्पताल में भर्ती कराया गया है। समाचार एजेंसी ANI ने उनके अस्पताल में भर्ती होने की पुष्टि की है। फिलहाल गांगुली की मौजूदा हालत की स्थिति स्पष्ट नहीं की गई है।

ट्विटर पोस्ट

यहां देखें ट्वीट

पृष्ठभूमि

गांगुली को गत 2 जनवरी को पड़ा था दिल का दौरा

बता दें सौरव गांगुली को गत 2 जनवरी को अपने घर के जिम में वर्कआउट करने के दौरान भी दिल का दौरा पड़ा था। उसके बाद उन्हें वुडलैंड हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया है। जहां उनकी हालत बिगड़ने पर एंजियोप्लास्टी करनी पड़ी थी। इसके बाद वह कई दिनों तक अस्पताल में चिकित्सकों की निगरानी में रहे थे और गत 7 जनवरी को उन्हें अस्पताल से छुट्टी मिली थी। डॉक्टर उनके स्वास्थ्य पर लगातार निगाहें रखे हुए थे।

ब्लॉकेज

एंजियोप्लास्टी के दौरान तीन धमनियों में मिला था ब्लॉकेज

बता दें कि एंजियोप्लास्टी के दौरान सौरव गांगुली के दिल की धमनियों में एक स्टेंट डाला गया था। जांच में उनके दिल की तीन धमनियों में ब्लॉकेज मिला था। इसको लेकर डॉक्टरों ने उन्हें नियमित रूप से चेकअप कराने की सलाह दी थी। उनकी एंजियोप्लास्टी करने वाले डॉक्टर आफताब खान, वुडलैंड्स अस्पताल की मुख्य कार्यकारी अधिकारी (CEO) डॉ रूपाली बसु और डॉ सरोज मंडल ने बताया था कि उनके दिल में कई 'क्रिटिकल' ब्लॉकेज थे।

करियर

भारत के सबसे सफल कप्तानों में गिने जाते हैं गांगुली

सौरव गांगुली को भारत के सबसे सफल कप्तानों में गिना जाता है। गांगुली ने भारत के लिए 113 टेस्ट और 311 वनडे खेले हैं। उन्होंने 49 टेस्ट और 147 वनडे मैचों में भारत की कप्तानी की है। गांगुली ने अपने करियर में 113 टेस्ट मैचों में 42.17 की औसत से 7,212 रन बनाए। इनमें 16 शतक और 35 अर्धशतक शामिल हैं। वहीं 311 वनडे में उन्होंने 22 शतक और 72 अर्धशतकों की मदद से 11,363 रन बनाए हैं।

दिल्ली

दिसंबर में दिल्ली में देखे गए थे गांगुली

दिल्ली क्रिकेट स्टेडियम जिसे पहले फिरोजशाह कोटला के नाम से जाना जाता था में स्वर्गीय अरुण जेटली की मूर्ति की स्थापना के लिए हाल ही में गांगुली दिल्ली में देखे गए थे। दिल्ली एंड डिस्ट्रिक्ट क्रिकेट एसोसिएशन (DDCA) के पूर्व चीफ और पूर्व वित्त मंत्री जेटली की यह 68वीं जयंती थी। इससे पहले 24 दिसंबर को अहमदाबाद में BCCI की सालाना बैठक में हिस्सा लेने के लिए भी वह मौजूद थे।