भारतीय महिला क्रिकेट टीम की नई कप्तान बनीं स्मृति मंधाना
क्या है खबर?
भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) ने स्मृति मंधाना को भारतीय महिला क्रिकेट टीम का नया कप्तान नियुक्त किया है। मंधाना पिछले कई सालों से भारतीय टीम की प्रमुख खिलाड़ियों में शामिल रही हैं और उन्होंने टीम की प्रगति में अहम भूमिका निभाई है। उन्होंने घरेलू और फ्रेंचाइजी क्रिकेट में भी शानदार कप्तानी की है। मंधाना ने हरमनप्रीत कौर की जगह ली है। वह पहले ही भारत की ओर से 18 टी-20 अंतरराष्ट्रीय और 4 वनडे में कप्तानी कर चुकी हैं।
बयान
मंधाना ने क्या कहा?
मंधाना ने कप्तानी की जिम्मेदारी मिलने पर कहा कि भारत का नेतृत्व करना उनके लिए बेहद खास सम्मान है।
उन्होंने कहा, "भारत का प्रतिनिधित्व करना हमेशा मेरे लिए बहुत मायने रखता है और अब टीम की कप्तानी करने का मौका मिलना मेरे लिए बेहद खास है। मैं BCCI, चयनकर्ताओं, अपनी साथी खिलाड़ियों और उन सभी लोगों की आभारी हूं, जिन्होंने मेरे सफर में मेरा साथ दिया। मुझ पर भरोसा जताने के लिए मैं सभी की शुक्रगुजार हूं।"
पूर्व
हरमनप्रीत के बारे में बोलीं मंधाना
मंधाना ने पूर्व कप्तान हरमनप्रीत के योगदान की सराहना की।
उन्होंने कहा कि हरमनप्रीत ने कई वर्षों तक पूरी प्रतिबद्धता के साथ टीम की कप्तानी की और भारतीय महिला क्रिकेट के सफर में उनका अहम योगदान रहा है।
वह नई जिम्मेदारी के महत्व को समझती हैं और इसे पूरी गंभीरता से निभाने के लिए तैयार हैं।
उन्होंने टीम के साथ काम करने, इस दौरान सीखने और भारतीय क्रिकेट को आगे ले जाने के लिए अपना सर्वश्रेष्ठ देने की बात कही।
ऐतिहासिक
जिम्बाब्वे के खिलाफ खेली जाएगी ऐतिहासीक सीरीज
भारतीय महिला टीम 16 अक्टूबर से जिम्बाब्वे के खिलाफ 3 टी-20 अंतरराष्ट्रीय और इतने ही वनडे मैचों की सीरीज खेलेगी।
यह दोनों टीमों के बीच पहली द्विपक्षीय अंतरराष्ट्रीय सीरीज होगी। मंधाना इसी सीरीज से भारतीय टीम की कप्तान के तौर पर अपना कार्यकाल शुरू करेंगी।
हरमनप्रीत का बतौर कप्तान सफर सफलताओं से भरा रहा है। उन्होंने 214 अंतरराष्ट्रीय मैचों में कप्तानी की, जिनसे से 131 में उन्हें जीत मिली और 71 मैचों में हार का सामना करना पड़ा।
जिम्बाब्वे
जिम्बाब्वे के खिलाफ सीरीज के लिए ऐसी है भारतीय टीम
भारत की टी-20 अंतरराष्ट्रीय टीम: स्मृति मंधाना (कप्तान), शफाली वर्मा, निकी प्रसाद, हरमनप्रीत कौर, अनुष्का शर्मा, ऋचा घोष, जी. कमालिनी, दीप्ति शर्मा, प्रेमा रावत, श्री चरणी, नंदनी शर्मा, क्रांति गौड़, अरुंधति रेड्डी, जिंतिमानी कलिता और मिन्नू मणि।
भारत की वनडे टीम: स्मृति मंधाना (कप्तान), शफाली वर्मा, प्रतिका रावल, हरमनप्रीत कौर, हरलीन देओल, तेजल हसबनिस, दीप्ति शर्मा, ऋचा घोष, यास्तिका भाटिया, वैष्णवी शर्मा, नंदनी शर्मा, श्री चरणी, क्रांति गौड़, सयाली सतघरे और रेणुका ठाकुर।