Page Loader
महिला एशिया कप फाइनल: स्मृति मंधाना ने श्रीलंका के खिलाफ बनाया सर्वश्रेष्ठ स्कोर, जानिए उनके आंकड़े 
स्मृति मंधाना ने कमाल की पारी खेली (तस्वीर: एक्स/@BCCIWomen)

महिला एशिया कप फाइनल: स्मृति मंधाना ने श्रीलंका के खिलाफ बनाया सर्वश्रेष्ठ स्कोर, जानिए उनके आंकड़े 

Jul 28, 2024
05:24 pm

क्या है खबर?

महिला एशिया कप 2024 के फाइनल मुकाबले में भारतीय महिला क्रिकेट टीम की सलामी बल्लेबाज स्मृति मंधाना ने शानदार पारी (60) खेली है। उन्होंने अपने टी-20 अंतरराष्ट्रीय करियर का 26वां अर्धशतक लगाया है। श्रीलंका के खिलाफ इस खिलाड़ी ने अपना दूसरा अर्धशतक और सर्वश्रेष्ठ स्कोर बनाया है। मुकाबले में भारतीय टीम की ओर से एकमात्र अर्धशतक मंधाना के बल्ले से ही आया। ऐसे में आइए उनकी पारी और आंकड़ों पर एक नजर डाल लेते हैं।

पारी

कैसी रही मंधाना की पारी और साझेदारी?

मंधाना ने 47 गेंद का सामना किया और 60 रन बनाए। उनके बल्ले से 10 चौके निकले। उनकी स्ट्राइक रेट 127.66 की रही। उन्होंने पहले विकेट के लिए शफाली वर्मा के साथ 38 गेंद में 44 रन की साझेदारी निभाई। हरमनप्रीत कौर के साथ उन्होंने 29 रन जोड़े। जेमिमा रोड्रिगेज और उनके बीच सिर्फ 26 गेंद में 41 रन की साझेदारी हुई। मंधाना के बाद सबसे बड़ी पारी ऋचा घोष (30) ने खेली। उन्होंने 4 चौके और 1 छक्का लगाया।

श्रीलंका

श्रीलंका के खिलाफ कैसा रहा है मंधाना का प्रदर्शन?

मंधाना ने श्रीलंका के खिलाफ अपना पहला टी-20 अंतरराष्ट्रीय मुकाबला साल 2014 में खेला था। उन्होंने अब तक 20 मुकाबले खेले हैं। इसकी 19 पारियों में उन्होंने 22.29 की औसत से 379 रन बनाए हैं। उनकी स्ट्राइक रेट 110.81 की रही है। उनके बल्ले से 2 अर्धशतक निकले हैं। उनका सर्वश्रेष्ठ स्कोर 60 रन रहा है। मंधाना ने अपने टी-20 अंतरराष्ट्रीय में सबसे ज्यादा रन ऑस्ट्रेलिया महिला क्रिकेट टीम (731) के खिलाफ बनाए हैं।

करियर

मंधाना के टी-20 अंतरराष्ट्रीय करियर पर एक नजर 

मंधाना ने अपना पहला टी-20 अंतरराष्ट्रीय मुकाबला साल 2013 में बांग्लादेश महिला क्रिकेट टीम के खिलाफ खेला था। उन्होंने अब तक 141 मुकाबले खेले हैं। इसकी 135 पारियों में उनके बल्ले से 28.86 की औसत से 3,493 रन निकले हैं। उन्होंने अपने टी-20 अंतरराष्ट्रीय करियर में 26 अर्धशतक जड़े हैं और उनका सर्वश्रेष्ठ स्कोर 87 रन रहा है। वह 14 बार अपने टी-20 अंतरराष्ट्रीय करियर में नाबाद भी रही हैं।

पारी

कैसी रही भारतीय टीम की पारी?

मैच में भारतीय महिला टीम ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने फैसला किया। ऋचा और जेमिमा को छोड़ दें तो अन्य सभी बल्लेबाजों ने तेजी से रन नहीं बनाए। जेमिमा ने 16 गेंद में 29 रन जड़ दिए। उनके बल्ले से 3 चौका और 1 छक्का निकला। भारतीय टीम ने 20 ओवर में 6 विकेट खोकर 165 रन बनाए। श्रीलंका के लिए कविशा दिलहारी ने सबसे ज्यादा 2 विकेट अपने नाम किए। उन्होंने 4 ओवर में 36 रन खर्च किए।