LOADING...
इन बल्लेबाजों ने टेस्ट क्रिकेट के इतिहास में जड़ा है सबसे धीमा शतक, जानिए आंकड़े
मुदस्सर नजर इस सूची में पहले स्थान पर हैं (तस्वीर: एक्स/@ICC)

इन बल्लेबाजों ने टेस्ट क्रिकेट के इतिहास में जड़ा है सबसे धीमा शतक, जानिए आंकड़े

Jul 31, 2025
11:36 am

क्या है खबर?

टेस्ट क्रिकेट धैर्य, तकनीक और मानसिक मजबूती की असली परीक्षा होती है। कई बार बल्लेबाजों को शतक बनाने के लिए सैकड़ों गेंदों का सामना करना पड़ता है, जिसमें उनका संयम और जज्बा साफ झलकता है। ऐसे धीमे लेकिन ऐतिहासिक शतकों ने न केवल मैच की दिशा बदली, बल्कि टेस्ट क्रिकेट की खूबसूरती को भी दर्शाया। ऐसे में आइए टेस्ट क्रिकेट के इतिहास में सबसे धीमा शतक जड़ने वाले बल्लेबाजों पर एक नजर डाल लेते हैं।

#1

मुदस्सर नजर (557 मिनट) 

इस सूची में पहले स्थान पर पाकिस्तान क्रिकेट टीम के पूर्व बल्लेबाज मुदस्सर नजर हैं। उन्होंने साल 1977 में इंग्लैंड क्रिकेट टीम के खिलाफ 557 मिनट में अपना शतक पूरा किया था। पाकिस्तान की पहली पारी में उन्होंने 449 गेंदों का सामना किया था और 114 रन बनाए थे। उनके बल्ले से 12 चौके निकले थे। उनकी स्ट्राइक रेट 25.38 की रही थी। वह मुकाबला ड्रॉ पर समाप्त हुआ था।

#2

जैकी मैकग्लू (545 मिनट) 

दूसरे स्थान पर दक्षिण अफ्रीका क्रिकेट टीम के पूर्व बल्लेबाज जैकी मैकग्लू हैं। उन्होंने साल 1958 में ऑस्ट्रेलिया क्रिकेट टीम के खिलाफ 545 मिनट में अपना शतक पूरा किया था। उन्होंने उस मुकाबले में 105 रन की पारी खेली थी। उनकी पारी के दम पर दक्षिण अफ्रीका ने 163 रन के जवाब में 384 रन बना दिए थे। ऑस्ट्रेलिया ने अपनी दूसरी पारी में 292/7 का स्कोर बनाया और वह मुकाबला भी ड्रॉ रहा था।

#3

असंका गुरुसीन्हा (535 मिनट) 

तीसरे स्थान पर श्रीलंका क्रिकेट टीम के पूर्व बल्लेबाज असंका गुरुसीन्हा हैं। उन्होंने जिम्बाब्वे क्रिकेट टीम के खिलाफ 1994 में हरारे टेस्ट के दौरान 535 मिनट में अपना शतक पूरा किया था। गुरुसीन्हा ने 461 गेंदों का सामना करते हुए 128 रन बनाए थे। उनके बल्ले से 14 चौके और 1 छक्का निकला था। उनकी स्ट्राइक रेट 27.76 की रही थी। उनकी पारी के दम पर श्रीलंका ने 383 रन बनाए थे। वह मुकाबला भी ड्रॉ पर समाप्त हुआ था।

#4

जेफ क्रो (516 मिनट)

चौथे स्थान पर न्यूजीलैंड क्रिकेट टीम के पूर्व बल्लेबाज जेफ क्रो हैं। उन्होंने साल 1987 में श्रीलंका के खिलाफ 516 मिनट का समय लेकर अपना शतक पूरा किया था। इस खिलाड़ी ने 398 गेंदों का सामना करते हुए 120 रन बनाए थे। उनके बल्ले से 13 चौके निकले थे और उनकी स्ट्राइक रेट 30.15 की रही थी। बारिश के कारण इस मुकाबले में 2 ही पारी हो पाई थी और मैच ड्रॉ पर समाप्त हुआ था।