
इंग्लैंड बनाम भारत: शुभमन गिल ने बतौर कप्तान पहले टेस्ट में जड़ा शतक, ये रिकॉर्ड्स बनाए
क्या है खबर?
इंग्लैंड क्रिकेट टीम के खिलाफ लीड्स में खेले जा रहे पहले टेस्ट में शुभमन गिल ने कप्तान के रूप में अपने डेब्यू टेस्ट में ही शतक (127*) जड़ दिया।
यह उनके टेस्ट करियर का छठा और इंग्लैंड के खिलाफ तीसरा शतक रहा।
गिल जब क्रीज पर आए तब भारत ने 2 अहम विकेट गंवा दिए थे, लेकिन उन्होंने दबाव में शानदार संयम दिखाया और यशस्वी जायसवाल के साथ मिलकर टीम को संभाला।
आइए उनकी पारी पर नजर डालते हैं।
पारी
गिल की पारी पर एक नजर
गिल ने 140 गेंदों का सामना करते हुए अपना शतक पूरा किया। वह 175 गेंदों में 127 रन बनाकर पहले दिन नाबाद रहे। उनके बल्ले से 16 चौके और 1 छक्का निकला।
यह खिलाड़ी टेस्ट क्रिकेट से संन्यास ले चुके विराट कोहली की जगह नंबर-4 पर बल्लेबाजी करने उतरा था।
गिल ने यशस्वी (101) के साथ 164 गेंदों में 129 रन की साझेदारी निभाई।
यशस्वी के आउट होने के बाद उन्होंने ऋषभ पंत के साथ 138* रन जोड़े।
कप्तान
गिल ने रचा इतिहास
गिल टेस्ट कप्तान के रूप में पहली पारी में शतक जड़कर इतिहास रच दिया।
वह भारत के उन चुनिंदा कप्तानों की सूची में शामिल हो गए हैं, जिन्होंने डेब्यू टेस्ट की पहली पारी में ही शतक लगाया।
उनसे पहले यह कारनामा विजय हजारे (1951, दिल्ली) सुनील गावस्कर (1976, ऑकलैंड) और विराट कोहली (2014, एडिलेड) ने किया था।
हेडिंग्ले में मंसूर अली खान पटौदी (1967) और सौरव गांगुली (2002) के बाद टेस्ट शतक लगाने वाले गिल तीसरे भारतीय कप्तान बने हैं।
अंतरराष्ट्रीय
गिल ने अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में जड़े 15 शतक
25 साल की उम्र तक सबसे ज्यादा अंतरराष्ट्रीय शतक लगाने वाले भारतीय खिलाड़ियों की सूची में गिल ने बड़ी छलांग लगाई है।
इस सूची में पहले स्थान पर हैं सचिन तेंदुलकर, जिन्होंने 25 की उम्र तक 40 शतक जड़े थे।
दूसरे नंबर पर कोहली हैं, जिनके नाम 26 शतक थे। अब गिल 15 शतकों के साथ तीसरे नंबर पर पहुंच गए हैं।
वीरेंद्र सहवाग (13) और युवराज सिंह (11) भी इस खास सूची में शामिल हैं।
सूची
इस खास सूची में शामिल हुए गिल
गिल ने कप्तान के तौर पर अपने पहले ही टेस्ट मैच में 50+ का स्कोर बनाकर एक खास सूची में जगह बना ली है।
वह भारत के उन चुनिंदा कप्तानों की सूची में शामिल हो गए हैं, जिन्होंने डेब्यू मैच में ही 50+ रन बनाए।
इस सूची में विजय हजारे, नरिमन कॉन्ट्रैक्टर, चंद्रकांत बोर्डे, हेमचंद्र अधिकारी, सुनील गावस्कर, दिलीप वेंगसरकर, सौरव गांगुली, कोहली, केएल राहुल और अब गिल का नाम शामिल हो गया है।
शतक
इंग्लैंड में जड़ा पहला शतक
गिल ने इंग्लैंड की धरती पर अपना पहला शतक भी लगाया है।
इस टीम के खिलाफ उन्होंने अब तक 11 मुकाबले खेले हैं और इसकी 19 पारियों में 44.93 की औसत के साथ 719 रन बनाने में सफल रहे हैं।
उनके बल्ले से 3 शतक के अलााव 3 अर्धशतक भी निकले हैं। उनका सर्वश्रेष्ठ स्कोर 127* रन हो गया है।
अपने टेस्ट करियर में इस खिलाड़ी ने सबसे ज्यादा रन इंग्लैंड के ही खिलाफ बनाए हैं।
करियर
गिल ने पूरे किए 2,000 टेस्ट रन
गिल ने अपना पहला टेस्ट मैच साल 2020 में ऑस्ट्रेलिया क्रिकेट टीम के खिलाफ खेला था।
उन्होंने अब तक 33 मुकाबले खेले हैं और इसकी 60 पारियों में 37.40 औसत के साथ 2,020 रन बनाने में सफल रहे हैं।
उनके बल्ले से 6 शतक के अलावा 7 अर्धशतक भी निकले हैं। उनका सर्वश्रेष्ठ स्कोर 128 रन रहा है।
गिल ने 128 रन की पारी कंगारू टीम के खिलाफ खेली थी।