टेस्ट: कप्तान के तौर पर खूब चला है शुभमन गिल का बल्ला, आंकड़े कर देंगे हैरान
क्या है खबर?
भारतीय टेस्ट और वनडे टीम के कप्तान शुभमन गिल ने क्रिकेट के सभी प्रारूपों में अपनी बल्लेबाजी का लोहा मनवाया है। कप्तानी की जिम्मेदारी संभालने के बाद उन्होंने खुद को उभरते सितारे से भरोसेमंद टेस्ट बल्लेबाज के रूप में स्थापित किया है। गिल अब 15 अगस्त से मेजबान श्रीलंका के खिलाफ शुरू होने वाली 2 टेस्ट मैचों की सीरीज में भारतीय टीम की अगुआई करते नजर आएंगे। ऐसे में कप्तान के तौर पर उनके आंकड़ों पर नजर डालते हैं।
आंकड़े
कप्तान के तौर पर ऐसे हैं गिल के आंकड़े
गिल ने कप्तान के तौर पर पहला मैच साल 2025 में खेला था। अब तक उन्होंने 9 टेस्ट खेले हैं और इसकी 15 पारियों में 82.76 की औसत के साथ 1,076 रन बनाए हैं।
उनके बल्ले से 6 शतक और एक अर्धशतक निकला है। उनका सर्वश्रेष्ठ स्कोर 269 रन रहा है।
गिल समय के लिहाज से कप्तान के तौर पर सबसे तेज 1,000 टेस्ट रन पूरे करने वाले भारतीय बल्लेबाज हैं। उन्होंने महज 351 दिनों में ये रिकॉर्ड बनाया था।
कप्तान
गिल से आगे अब सिर्फ डॉन ब्रैडमैन
कप्तानी संभालने से पहले गिल ने 32 टेस्ट में 35.05 की औसत से रन बनाए थे।
हालांकि, कप्तान बनने के बाद उनके प्रदर्शन में जबरदस्त बदलाव देखने को मिला है। कप्तान के तौर पर 1,000 से ज्यादा टेस्ट रन बनाने वाले बल्लेबाजों में गिल की 82.76 की औसत दूसरी सर्वश्रेष्ठ है।
उनसे आगे सिर्फ ऑस्ट्रेलिया के महान बल्लेबाज डॉन ब्रैडमैन हैं, जिनकी औसत 101.51 की रही थी।
भारतीयों में विराट कोहली 54.8 की औसत के साथ गिल से पीछे हैं।
फॉर्म
कमाल की फॉर्म में चल रहे हैं गिल
गिल ने इस साल सिर्फ एक टेस्ट मैच अफगानिस्तान क्रिकेट टीम के खिलाफ खेला है और उस मुकाबले में उन्होने 126 रन की शानदार पारी खेली थी।
वहीं, 2025 में इस खिलाड़ी ने 9 टेस्ट मैच खेले थे। इसकी 16 पारियों में उन्होंने 70.21 की उम्दा औसत के साथ 983 रन बनाए थे।
उनके बल्ले से 5 शतक और एक अर्धशतक निकला था। उनका सर्वश्रेष्ठ स्कोर 269 रन रहा था।
टेस्ट
कप्तान के तौर पर पहली टेस्ट सीरीज गिल का था शानदार प्रदर्शन
इंग्लैंड में पिछले साल खेली गई एंडरसन-तेंदुलकर ट्रॉफी गिल की टेस्ट कप्तान के तौर पर पहली जिम्मेदारी थी।
5 टेस्ट मैचों की सीरीज में उन्होंने 75.40 की औसत से 754 रन बनाए और 'प्लेयर ऑफ द सीरीज' रहो।
गिल SENA देश में टेस्ट सीरीज में 700 से ज्यादा रन बनाने वाले पहले एशियाई बल्लेबाज बने।
बतौर कप्तान द्विपक्षीय टेस्ट सीरीज में उनसे ज्यादा रन सिर्फ ब्रैडमैन ने बनाए हैं, जिन्होंने 1936-37 में इंग्लैंड के खिलाफ 810 रन बनाए थे।
करियर
ऐसा रहा है गिल का टेस्ट करियर
गिल ने अपना पहला टेस्ट मैच साल 2020 में ऑस्ट्रेलिया क्रिकेट टीम के खिलाफ खेला था।
उन्होंने अब तक 41 मुकाबले खेले हैं और इसकी 74 पारियों में 44.31 की औसत के साथ 2,969 रन बनाने में सफल रहे हैं।
उनके बल्ले से 11 शतक के अलावा 8 अर्धशतक भी निकले हैं। उनका सर्वश्रेष्ठ स्कोर 269 रन का रहा है।
वह अपने टेस्ट करियर में 5 बार बिना खाता खोले भी पवेलियन लौटे हैं।