Page Loader
शुभमन गिल ICC वनडे रैंकिंग में शीर्ष पर पहुंचने वाले दूसरे युवा भारतीय बल्लेबाज बने
इस साल शानदार फॉर्म में हैं शुभमन गिल (तस्वीर: एक्स/@BCCI)

शुभमन गिल ICC वनडे रैंकिंग में शीर्ष पर पहुंचने वाले दूसरे युवा भारतीय बल्लेबाज बने

Nov 09, 2023
05:11 pm

क्या है खबर?

इंटरनेशनल क्रिकेट काउंसिल (ICC) की ताजा वनडे रैंकिंग में शुभमन गिल पहले नंबर पर पहुंच गए हैं। गिल सचिन तेंदुलकर, महेंद्र सिंह धोनी और विराट कोहली के बाद भारत के चौथे ऐसे खिलाड़ी बन गए, जिन्होंने यह स्थान हासिल किया है। इसके अलावा वह ICC वनडे रैंकिग में पहले पायदान पर पहुंचने वाले दूसरे सबसे युवा भारतीय खिलाड़ी भी बन गए हैं। उन्होंने 24 साल 55 दिन की उम्र में यह उपलब्धि हासिल की।

आंकड़े

शीर्ष पर हैं सचिन तेंदुलकर

ICC वनडे रैंकिग में पहले पायदान पर पहुंचने वाले सबसे कम उम्र के भारतीय बल्लेबाज सचिन तेंदुलकर हैं। उन्होंने 22 साल और 311 दिन में यह मुकाम हासिल किया था। इस सूची में तीसरे नंबर पर पूर्व भारतीय कप्तान महेंद्र सिंह धोनी और चौथे पायदान पर विराट हैं। धोनी 24 साल 286 दिन और विराट 24 साल 359 दिन की उम्र में ICC बल्लेबाजी रैंकिंग में शीर्ष पर पहुंचे थे।

रिकॉर्ड

यह उपलब्धि भी हासिल की

ICC वनडे रैंकिंग में नंबर-1 पर पहुंचने के लिए भारतीय बल्लेबाजों द्वारा ली गईं सबसे कम पारियों की सूची में भी गिल अब दूसरे पायदान पर आ गए हैं। उन्होंने 40 वनडे पारियों में इस उपलब्धि को हासिल किया। इस सूची में शीर्ष पर धोनी हैं, जिन्होंने 38 वनडे पारियों के बाद ही ICC वनडे रैंकिंग में पहला स्थान हासिल कर लिया था। सूची में तीसरे पायदान पर सचिन (102) और चौथे पर विराट कोहली (112) हैं।