
शुभमन गिल ने रचा इतिहास, एक टेस्ट सीरीज में सर्वाधिक रन बनाने वाले भारतीय कप्तान बने
क्या है खबर?
भारतीय क्रिकेट टीम के कप्तान शुभमन गिल ने एंडरसन-तेंदुलकर ट्रॉफी 2025 में इतिहास रच दिया। उन्होंने इंग्लैंड क्रिकेट टीम के खिलाफ सीरीज के आखिरी ओवल टेस्ट में अपनी पहली पारी में 11वां रन बनाते ही ये उपलब्धि हासिल की। गिल ने पूर्व भारतीय दिग्गज सुनील गावस्कर के रिकॉर्ड को पीछे छोड़ दिया, जिन्होंने कप्तान के तौर पर एक सीरीज में 732 रन बनाए थे। आइए गिल के आंकड़ों पर एक नजर डालते हैं।
आंकड़े
जोरदार रहा गिल का प्रदर्शन
गिल ने एंडरसन-तेंदुलकर ट्रॉफी 2025 में 732 से अधिक रन बनाए हैं। कप्तानी करते हुए उनकी बल्लेबाजी और बेहतर नजर आई है। यही कारण है कि उन्होंने इंग्लैंड दौरे पर निरंतर रन बनाने में सफलता हासिल की है। लॉर्ड्स टेस्ट को छोड़कर उन्होंने हेडिंग्ले, एजबेस्टन और मैनचेस्टर टेस्ट में शतक जड़े। दिलचस्प रूप से उन्होंने एजबेस्टन में 269 और 161 रन की पारियां खेलते हुए जीत में अहम भूमिका निभाई थी।
गावस्कर
गावस्कर ने वेस्टइंडीज के खिलाफ बनाए थे 732 रन
वेस्टइंडीज की टीम 1978-79 में भारत के दौरे पर आई थी और मेजबान कप्तान गावस्कर ने उस घरेलू सीरीज में जोरदार प्रदर्शन किया था। उन्होंने 6 टेस्ट की 9 पारियों में 91.50 की औसत के साथ 732 रन बनाए थे। उस दौरान उनके बल्ले से 4 शतक और 1 अर्धशतक भी निकला था। पूर्व भारतीय दिग्गज ने 205 रन की सर्वोच्च पारी खेली थी। वह 1 पारी में शून्य पर भी आउट हुए थे।
कोहली
इस सूची में तीसरे पायदान पर हैं कोहली
सभी प्रारूप में रनों का अंबार लगाने वाले विराट कोहली इस सूची में तीसरे स्थान पर हैं। उन्होंने 2016-17 में इंग्लैंड के खिलाफ कप्तानी करते हुए 655 रन बनाए थे। उन्होंने 8 पारियों में 109.16 की अविश्वसनीय औसत के साथ 655 रन बनाए थे, जिसमें 2 शतक और इतने ही अर्धशतक शामिल थे। चौथे और पांचवें पायदान पर भी कोहली हैं। उन्होंने श्रीलंका के खिलाफ 610 रन (2017) और इंग्लैंड के विरुद्ध 593 रन (2018) बनाए थे।
जानकारी
वनडे और टी-20 अंतरराष्ट्रीय सीरीज में सर्वाधिक रन वाले भारतीय कप्तान हैं कोहली
एक वनडे और टी-20 अंतरराष्ट्रीय सीरीज में सर्वाधिक रन बनाने वाले भारतीय कप्तान भी कोहली हैं। उन्होंने 2018 में दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ वनडे सीरीज में 558 रन बनाए थे। उन्होंने 2021 में टी-20 अंतरराष्ट्रीय सीरीज में इंग्लैंड के खिलाफ उन्होंने 231 रन बनाए थे।