Page Loader
IPL 2021 नहीं खेल पाएंगे चोटिल श्रेयस अय्यर, दिल्ली कैपिटल्स के सह-मालिक ने दी जानकारी

IPL 2021 नहीं खेल पाएंगे चोटिल श्रेयस अय्यर, दिल्ली कैपिटल्स के सह-मालिक ने दी जानकारी

Mar 25, 2021
12:13 pm

क्या है खबर?

भारत और इंग्लैंड के बीच हुए पहले वनडे मुकाबले में चोटिल होने वाले श्रेयस अय्यर इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2021 के पूरे सीजन से बाहर हो गए हैं। दिल्ली कैपिटल्स (DC) फ्रेंचाइजी के सह-मालिक पार्थ जिंदल ने यह जानकारी दी है। बता दें श्रेयस 23 मार्च को खेले गए पहले वनडे में फील्डिंग करते हुए चोटिल हो गए थे। आइए एक नजर डालते हैं पूरी खबर पर।

ट्वीट

हम उम्मीद करते हैं मजबूती से वापसी करेंगे श्रेयस- पार्थ

पार्थ ने उम्मीद जताई की साल के अंत में होने वाले टी-20 विश्व कप तक श्रेयस फिट होकर भारतीय टीम में वापसी कर सकेंगे। उन्होंने गुरुवार को इस बारे में ट्वीट करके कहा, 'हमारे कप्तान श्रेयस की चोट दुःखद है। हम उम्मीद करते है कि आप जल्द ही ठीक होंगे। विश्वास है कि आप और मजबूत होकर लौटेंगे। टी-20 विश्व कप में भारत को आपकी जरूरत है।'

घटनाक्रम

इंग्लैंड की पारी के आठवें ओवर के दौरान चोटिल हुए थे अय्यर

लक्ष्य का पीछा करते हुए इंग्लैंड की पारी के आठवें ओवर के दौरान अय्यर चोटिल हुए थे। दरअसल, इंग्लिश बल्लेबाज जॉनी बेयरेस्टो के शॉट को रोकने के चक्कर में अय्यर ने डाइव लगायी और अपने इस प्रयास में कंधा चोटिल कर बैठे थे। इसके बाद वह अपना कंधा पकड़कर वहीं मैदान पर ही बैठ गए थे और फिजियो की मदद से बाहर चले गए थे। BCCI के मुताबिक उनके बाएं कंधे की हड्डी खिसक गई थी।

IPL 2021

कंधे की सर्जरी के कारण नहीं खेल पाएंगे IPL

हालांकि, BCCI ने इस बारे में अभी आधिकारिक बयान नहीं दिया गया है लेकिन रिपोर्ट्स के मुताबिक उन्हें कंधे की सर्जरी से गुजरना पड़ेगा। ऐसे में वह IPL 2021 में नहीं खेल पाएंगे। बता दें IPL के 14वें सीजन की शुरुआत 09 अप्रैल को मुंबई इंडियंस (MI) और रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर (RCB) के बीच होने वाले मुकाबले से हो जाएगी और इसका फाइनल मैच 30 मई को खेला जाना है।

IPL 2020

पहली बार श्रेयस की कप्तानी में फाइनल में पहुंची थी दिल्ली

IPL 2020 में दिल्ली कैपिटल्स की टीम श्रेयस अय्यर की कप्तानी में उपविजेता रही थी, ऐसे में यह टीम के लिए बड़ा झटका है। IPL 2019 सीजन के बीच में टीम की कमान संभालने वाले अय्यर DC के लिए दूसरे सबसे अधिक मैचों में कप्तानी करने वाले खिलाड़ी बन गए हैं। उन्होंने अब तक 41 मैचों में DC की कप्तानी की है जिसमें से 23 में उनकी टीम को जीत मिली है।