LOADING...
श्रेयस अय्यर ने इंग्लैंड के खिलाफ मिली हार को बताया बेहद खराब, जानिए क्या कहा
श्रेयस अय्यर ने इंग्लैंड के खिलाफ मिली हार को बताया बेहद खराब

श्रेयस अय्यर ने इंग्लैंड के खिलाफ मिली हार को बताया बेहद खराब, जानिए क्या कहा

Jul 08, 2026
01:46 pm

क्या है खबर?

भारतीय क्रिकेट टीम को इंग्लैंड क्रिकेट टीम के खिलाफ नॉटिंघम में खेले गए तीसरे टी-20 अंतरराष्ट्रीय मुकाबले में रिकॉर्ड 125 रन से हार मिली। यह टी-20 अंतरराष्ट्रीय में भारत की सबसे बड़ी हार थी। इसी तरह भारत की ओर से बनाया गया 76 रन का स्कोर इस प्रारूप में उनका दूसरा सबसे छोटा स्कोर था। कप्तान श्रेयस अय्यर ने इस हार को बेहद खराब बताते हुए कहा इतनी बड़ी हार का कोई बहाना नहीं है।

बयान

श्रेयस ने क्या दिया बयान?

मैच के बाद श्रेयस ने कहा, "मुझे लगता है कि यह बेहद खराब प्रदर्शन था। इससे बेहतर शब्द मेरे पास नहीं है। इतने बड़े अंतर से हारना बिल्कुल भी स्वीकार्य नहीं है।" उन्होंने इस हार को स्वीकार करने और अपनी रणनीति और उसके क्रियान्वयन में हुई गलतियों का विश्लेषण करने के लिए नए सिरे से विचार करने की आवश्यकता पर भी जोर दिया। गौरतलब है कि श्रेयस की कप्तानी में भारत ने अपने चारों टी-20 अंतरराष्ट्रीय मैच हारे हैं।

जिम्मेदारी

व्यक्तिगत जिम्मेदारी लेना है महत्वपूर्ण- श्रेयस

मैच के बाद श्रेयस ने खिलाड़ियों से व्यक्तिगत जिम्मेदारी लेने की आवश्यकता पर जोर दिया। उन्होंने कहा, "खिलाड़ियों को प्रभाव डालने के तरीके खोजने होंगे। हर खिलाड़ी को प्रभाव डालने और जिम्मेदारी लेने पर काम करना होगा।" इस हार के साथ भारत अपने इंग्लैंड दौरे पर एक भी मैच नहीं जीत पाया है और टी-20 अंतरराष्ट्रीय मैचों में श्रेयस की कप्तानी पर भी दबाव बढ़ गया है। उन्हें अब हर हाल में जीत की जरूरत है।

Advertisement

जानकारी

महज 76 रनों पर सिमट गई भारतीय पारी

202 रनों के लक्ष्य का पीछा करते हुए भारत ने पावरप्ले में ही 4 विकेट गंवा दिए थे। तेज गेंदबाज जोफ्रा आर्चर 3 विकेट और जोश टंग 4 विकेट ने इसमें अहम भूमिका निभाई। इससे भारतीय पारी 11.4 ओवरों में 76 रनों पर सिमट गई।

Advertisement