Page Loader
श्रेयंका पाटिल चोट के कारण WPL 2025 से हुई बाहर, RCB को बड़ा झटका- रिपोर्ट
श्रेयंका पाटिल चोट के कारण WPL 2025 से बाहर हुईं

श्रेयंका पाटिल चोट के कारण WPL 2025 से हुई बाहर, RCB को बड़ा झटका- रिपोर्ट

Feb 15, 2025
11:27 am

क्या है खबर?

विमेंस प्रीमियर लीग (WPL) 2025 की शुरुआत के साथ ही रॉयल चैंलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) काे बड़ा झटका लगा है। स्टार स्पिनर श्रेयांका पाटिल चोट के कारण WPL 2025 से बाहर हो गई हैं। इंडिया टुडे के करीबी सूत्रों ने इस खबर की पुष्टि की। इस बीच, पाटिल के स्थान पर ऑलराउंडर स्नेह राणा को टीम में शामिल किया गया है, जिन्हें पिछले साल WPL नीलामी में गुजरात जायंट्स ने रिलीज कर दिया था और फिर उन्हें किसी ने नहीं खरीदा।

चिंता

पाटिल के पहले मैच से बाहर होने के बाद बढ़ी चिंता

वडोदरा के कोटम्बी स्टेडियम में गुजरात जायंट्स (GG) के खिलाफ खेले गए WPL के पहले मैच में पाटिल की अनुपस्थिति से उनकी चोट को लेकर चल रही अफवाहों को बल मिला था। बाद में उन्होंने सोशल मीडिया पर एक संदेश पोस्ट किया, जिसमें उनकी शारीरिक स्थिति का उल्लेख किया गया था। उन्होंने इंस्टाग्राम पर लिखा, 'दिल टूट गया है, लेकिन मैं फिर से उड़ूंगी।' इस तरह उन्होंने अपनी चोट को लेकर स्थिति स्पष्ट कर दी थी।

चोट

चोटों से परेशान रही हैं पाटिल

पाटिल ने WPL 2024 में 13 विकेट लेकर पर्पल कैप पर कब्जा जमाया था। इससे पहले वह उंगली की चोट के कारण कुछ मैचों से बाहर रही थी। वह महिला एशिया कप में पाकिस्तान के खिलाफ मैच के दौरान भी चोटिल हो गई थीं, जिसके कारण वह टूर्नामेंट के बाकी मैच नहीं खेल सकी थीं। चोट से जूझने के बाद भी उन्होंने कड़ी मेहनत की और फिर संयुक्त अरब अमीरात (UAE) में महिला टी-20 विश्व कप में वापसी की थी।

करियर

कैसा रहा है पाटिल का WPL और टी-20 करियर?

पाटिल ने WPL में अब तक 15 पारियों में 18.36 की औसत और 8.51 की इकॉनमी के साथ 19 विकेट लिए हैं। उन्होंने 2024 में दिल्ली कैपिटल्स (DC) के खिलाफ 4/12 के अपने सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन के साथ-साथ RCB के लिए 2 बार 3 विकेट भी लिए हैं। इस बीच, भारत के लिए उन्होंने 16 टी-20 मैचों में 19.20 की औसत और 6.73 की इकॉनमी रेट से 20 विकेट हासिल किए हैं। उनका सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन 3/19 विकेट का रहा है।