क्या संजू सैमसन को तिलक वर्मा की जगह खिलाना चाहिए? पूर्व भारतीय कोच ने दी चेतावनी
क्या है खबर?
भारतीय क्रिकेट टीम को इंग्लैंड के खिलाफ तीसरे टी-20 अंतरराष्ट्रीय मुकाबले में 125 रन से करारी हाल झेलनी पड़ी है। इसके बाद संजू सैमसन को तिलक वर्मा की जगह मध्यक्रम में खिलाने की चर्चाएं उठने लगी है। हालांकि, भारत के पूर्व सहायक कोच अभिषेक नायर की राय बिल्कुल अलग है। उन्होंने स्पष्ट किया है कि संजू को शीर्ष 3 में बल्लेबाजी का मौका मिलने पर ही टीम में शामिल किया जाना चाहिए। आइए जानते हैं उन्होंने क्या कुछ कहा।
बयान
नायर ने क्या दिया बयान?
नायर ने तिलक की जगह सैमसन को प्लेइंग इलेवन में शामिल करने के सवाल पर कहा, "अगर आपको संजू सैमसन को वापस टीम में लाना है, तो आप उन्हें ऐसी जगह पर खिलाओ, जहां वह सफल हो सकें। अब, सिर्फ इसलिए कि आप उन्हें टीम में लाना चाहते हैं, आप उन्हें चौथे, 5वें या छठे नंबर पर बल्लेबाजी करवाएंगे। यह ऐसा काम नहीं है जो उन्होंने बहुत किया हो। यह ऐसा काम नहीं है जिसमें वे सफल रहे हों।"
दावा
सैमसन शीर्ष 3 क्रम पर करते हैं बेहतर प्रदर्शन- नायर
नायर ने कहा, "वह (सैमसन) ओपनिंग करने या शीर्ष 3 में बल्लेबाजी करने पर सबसे अच्छा प्रदर्शन करते हैं। अगर उन्हें वह स्थान नहीं मिलता है, तो मुझे लगता है कि सैमसन को नहीं खिलाना चाहिए और भारत को मौजूदा बल्लेबाजी लाइन-अप के साथ ही खेलना चाहिए।" बता दें, सैमसन की शीर्ष 3 क्रम पर औसत 30 से अधिक है। चौथे नंबर पर 65 पारियों में उनकी औसत 22.63 और 5वें नंबर पर 14 पारियों में 15.33 की रही है।
चेतावनी
नायर ने घबराहट में कोई फैसला न करने की दी चेतावनी
नायर ने कहा, "आपको घबराहट में कोई कदम नहीं उठाना चाहिए। आपको बेवजह बदलाव नहीं करने चाहिए। अगर सैमसन को टीम में लाना ही है, तो प्रबंधन को बस इतना करना है कि उन्हें ऐसी जगह पर खिलाएं जहां वे सफल हो सकें।" बता दें कि नॉटिंघम में मिली करारी हार के बाद मुख्य कोच गौतम गंभीर ने स्वीकार किया कि ब्रिटेन दौरे के दौरान मेहमान टीम पिचों और परिस्थितियों को समझने में उतनी अच्छी नहीं रही है।