Page Loader
शिखर धवन का बेटा आएगा भारत, पटियाला हाउस कोर्ट का बड़ा फैसला 
शिखर धवन का बेटा जोरावर ऑस्ट्रेलिया से भारत आएगा (तस्वीर: ट्विटर/@SDhawan25)

शिखर धवन का बेटा आएगा भारत, पटियाला हाउस कोर्ट का बड़ा फैसला 

Jun 08, 2023
06:20 pm

क्या है खबर?

भारतीय क्रिकेट टीम के स्टार खिलाड़ी शिखर धवन और उनकी पत्नी आयशा के बीच सबकुछ ठीक नहीं है। दोनों के बीच साल 2021 से तलाक का मुकदमा चल रहा है। धवन अपने बेटे जोरावर से अगस्त, 2020 के बाद मुलाकात नहीं कर पाए हैं। अब उनके लिए खुशखबरी आई है। दिल्ली की पटियाला हाउस कोर्ट ने पत्नी आयशा को धवन और उनके परिवार से बेटे जोरवार की मुलाकात कराने का आदेश दिया है। आइए पूरी खबर पर नजर डालते हैं।

कोर्ट

कोर्ट ने क्या कहा?

मामले में सुनवाई करते हुए कोर्ट ने कहा कि बच्चे पर अकेली मां का ही हक नहीं होता है। ऐसे में आयशा बेटे जोरवार को धवन और उनके परिवार से मिलाने के लिए खुद आए या फिर किसी विश्वसनीय आदमी के साथ ऑस्ट्रेलिया से भारत भेजें। कोर्ट ने कहा कि जोरावर 28 जून तक दिल्ली में धवन के परिवार तक पहुंच जाए। यदि आयशा ऐसा नहीं कर पाती हैं तो धवन ऑस्ट्रेलिया जाकर जोरवार को भारत ले आएंगे।

ऑस्ट्रेलिया

जोरवार के साथ ऑस्ट्रेलिया रहती हैं आयशा 

आयशा अपने बेटे जोरवार के साथ ऑस्ट्रेलिया में रह रही हैं। 28 जून को जोरावर भारत आएंगे और 4 जुलाई को वापस ऑस्ट्रेलिया चले जाएंगे। आयशा ने धवन से दूसरी शादी की थी। उनकी पहली शादी से 2 बेटियां हैं, जिनके नाम रेया और आलिया हैं। आयाशा ने परिवार से मुलाकात पर ऐतराज भी जताया था। कोर्ट ने कहा कि धवन जब हमेशा के लिए कस्टडी नहीं मांग रहे हैं तो इसमे परेशानी क्या है?

प्यार

सोशल मीडिया के जरिए हुआ था प्यार 

धवन और आयशा ने साल 2012 में शादी की थी। आयशा उम्र में धवन से 10 साल बड़ी हैं। हरभजन सिंह और धवन एक साथ बैठे थे और तभी हरभजन के फोन पर धवन ने आयशा की तस्वीर देखी थी। धवन ने इसके बाद आयशा को रिक्वेस्ट भेजी और फिर दोनों के बीच बातचीत होने लगी थी। साल 2009 तक दोनों एक दूसरे को चाहने लगे थे। शादी के 2 साल बाद जोरावर का जन्म हुआ था।

आयशा

पश्चिम बंगाल की रहने वाली हैं आयशा

आयशा का जन्म पश्चिम बंगाल में हुआ था और उनका पूरा नाम आयशा मुखर्जी है। उनके पिता भारतीय थे और मां इंग्लैंड मूल की थीं। 8 साल की उम्र में उनका परिवार ऑस्ट्रेलिया चला गया था। आयशा ने इंस्टाग्राम पोस्ट के जरिए बताया था कि धवन से उनका तलाक हो गया। दोनों अपने रिश्ते से खुश नहीं थे और दोनों ने सोशल मीडिया पर एक दूसरे को अनफॉलो कर दिया था। तलाक की असली वजह अब तक सामने नहीं आई।