Page Loader
IPL: शार्दुल ठाकुर को रिलीज कर सकती है दिल्ली कैपिटल्स- रिपोर्ट
ठाकुर को रिलीज कर सकती है दिल्ली (तस्वीर: ट्विटर/@BCCI)

IPL: शार्दुल ठाकुर को रिलीज कर सकती है दिल्ली कैपिटल्स- रिपोर्ट

Oct 27, 2022
01:28 pm

क्या है खबर?

इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2023 के लिए नीलामी इस साल दिसंबर में होनी है। इस बीच खबर यह है कि शार्दुल ठाकुर को उनकी मौजूदा फ्रेंचाइजी दिल्ली कैपिटल्स रिलीज कर सकती है। बता दें सभी 10 फ्रेंचाइजी को 15 नवंबर तक रिटेन किए गए खिलाड़ियों की सूची सौंपनी है और रिलीज किए गए खिलाड़ी अन्य पंजीकृत खिलाड़ियों के साथ नीलामी पूल में जाएंगे। आइए इस खबर पर एक नजर डालते हैं।

रिपोर्ट

ठाकुर के अलावा भरत और मंदीप को भी रिलीज कर सकती है DC

Cricbuzz की रिपोर्ट के मुताबिक ठाकुर को दिल्ली कैपिटल्स रिलीज करने के बाद नीलामी में कम कीमत से फिर से खरीदने की कोशिश कर सकती है। ठाकुर के साथ विकेटकीपर बल्लेबाज केएस भरत और बल्लेबाज मंदीप सिंह भी रिलीज हो सकते हैं। पिछली नीलामी में दोनों को क्रमश: दो करोड़ रुपये और 1.10 करोड़ रुपये में खरीदा गया था। बता दें भरत को सिर्फ दो जबकि मंदीप को महज तीन मैचों में मौका मिला था।

IPL 2022

ऐसा रहा था ठाकुर का प्रदर्शन

IPL 2022 की नीलामी में ठाकुर को बड़ी कीमत मिली थी। दो करोड़ रुपये बेस प्राइस वाले ठाकुर को DC ने 10.75 करोड़ रुपये की बड़ी कीमत में खरीदा था। उन्होंने पिछले सीजन में 31.53 की औसत और 9.79 की इकॉनमी रेट से 14 मैचों में 15 विकेट लिए थे। दूसरी तरफ बल्लेबाजी में उन्होंने 29* के सर्वोच्च स्कोर के साथ 120 रन अपने नाम किए थे।

नीलामी

इस बार विदेश में नीलामी पर हो रहा है विचार

BCCI इस साल IPL की नीलामी विदेशों में आयोजित करने पर विचार कर रहा है, जिसकी सबसे अधिक संभावना तुर्की में है। अंतिम निर्णय नवंबर 2022 के पहले सप्ताह में लिए जाने की उम्मीद है, जिसमें नियमित आयोजन स्थल बेंगलुरु को भी ध्यान में रखा जाएगा। हालांकि, इस्तांबुल को पसंदीदा माना जा रहा है और रिपोर्ट्स के मुताबिक यह वर्तमान में अधिकारियों की पहली पसंद है।

IPL नीलामी

चेन्नई और मुंबई करना चाहेंगी अपनी टीमों में सुधार

सभी 10 फ्रेंचाइजी नीलामी में अपनी-अपनी टीमों को मजबूत करने की कोशिश करेंगी। खिलाड़ियों के रिटेंशन और रिलीज पर कोई रोक नहीं होगी। गुजरात टाइटंस और राजस्थान रॉयल्स जैसी टीमों के ज्यादा बदलाव की संभावना नहीं है। दूसरी तरफ चेन्नई सुपर किंग्स और मुंबई इंडियंस जैसी टीमों के पास अपनी टीम को सुधारने का मौका होगा होगा। बता दें IPL 2022 में इन दोनों टीमों ने निराश किया था और प्ले-ऑफ में भी अपनी जगह नहीं बनाई थी।