शाहिद अफरीदी ने बायोग्राफी में बताई अपनी असली उम्र, छिन सकता है बड़ा रिकॉर्ड
क्या है खबर?
पाकिस्तान क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान और स्टार ऑलराउंडर शाहिद अफरीदी ने अपनी उम्र को लेकर दुनिया को चौंकाने वाला खुलासा किया है।
दरअसल, शाहिद अफरीदी ने अपनी ऑटोबायोग्राफी 'गेम चेंजर' में अपनी उम्र का ज़िक्र करते हुए लिखा है कि उनका जन्म 1980 में नहीं बल्कि 1975 में हुआ था। साथ ही उन्होंने कहा कि अधिकारियों ने उनकी उम्र कम लिखी थी।
इस खुलासे के बाद ICC अफरीदी से एक बड़ा रिकॉर्ड छीन सकता है।
रिकॉर्ड
शाहिद अफरीदी के नाम है वनडे में सबसे कम उम्र में शतक लगाने का रिकॉर्ड
ऑफीशियल जानकारी के हिसाब से अफरीदी का जन्म 1 मार्च, 1980 को हुआ था। जिसके हिसाब से जब अफरीदी ने श्रीलंका के खिलाफ शतक बनाया, तो उनकी उम्र 16 साल 217 दिन थी।
लेकिन ऑटोबायोग्राफी की उम्र के हिसाब से तब वह 21 साल के थे। इसका मतलब है कि ICC अफरीदी से ये रिकॉर्ड छीन सकता है।
हालांकि, अफरीदी ने अपनी उम्र छिपाने का इलज़ाम पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड के अधिकारियों पर मढ़ा है।
भ्रम
ऑटोबायोग्राफी में अफरीदी ने उम्र को लेकर पैदा किया भ्रम
शाहिद अफरीदी ने अपनी ऑटोबायोग्राफी में लिखा कि जब उन्होंने वनडे क्रिकेट में पहला शतक बनाया, तो रिकॉर्ड के मुताबिक उनकी उम्र 19 की थी, जिसे अधिकारियों ने 16 लिखा।
लेकिन अगर अफरीदी का जन्म 1975 में हुआ है, तो वनडे क्रिकेट में पहला शतक लगाने के दौरान उनकी उम्र 21 के आस-पास हुई।
ऐसे में सलाव यह है कि इस पूरे मामले पर क्या ICC शाहिद अफरीदी या पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड पर कोई कार्रवाई करेगा या नहीं।
ऑटोबायोग्राफी
ऑटोबायोग्राफी में अफरीदी ने पूर्व कोच वकार यूनुस पर साधा निशाना
अफरीदी ने अपनी ऑटोबायोग्राफी में पाकिस्तान के दिग्गज तेज़ गेंदबाज़ और पूर्व कोच वकार यूनुस पर भी निशाना साधा है।
अफरीदी ने लिखा है कि मेरा और वकार यूनुस का इतिहास रहा है। वह एक औसत दर्जे का कप्तान और बदतर कोच था। वह हमेशा कप्तानों पर अपने फैसले थोपने की कोशिश करता था।
अफरीदी ने लिखा कि हमारे बीच पुराने समय से मतभेद रहे हैं, जिसकी शुरुआत कप्तानी को लेकर वसीम अकरम के साथ उसके मतभेद से हुई थी।
करियर
2016 में शाहिद अफरीदी ने अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट को कहा था अलविदा
शाहिद अफरीदी ने 2016 में टी-20, 2010 में टेस्ट और 2015 में वनडे क्रिकेट को अलविदा कहा था।
शाहिद अफरीदी ने 27 टेस्ट मैचों में 36.51 की औसत से 1,716 रन और 48 विकेट लिए हैं। टेस्ट में अफरीदी के नाम 5 शतक हैं।
वनडे के 398 मैचों में अफरीदी के नाम 8,064 रन और 395 विकेट हैं। जिसमें 6 शतक और 39 अर्धशतक शामिल हैं।
वहीं 99 टी-20 मैचों में अफरीदी के नाम 1,416 रन और 98 विकेट हैं।