LOADING...
शाहिद अफरीदी की पाकिस्तान टीम में बदालव की मांग, कहा- शाहीन, बाबर और शादाब को हटाओ
शाहीद अफरीदी ने की पाकिस्तान क्रिकेट टीम में बदलाव की मांग

शाहिद अफरीदी की पाकिस्तान टीम में बदालव की मांग, कहा- शाहीन, बाबर और शादाब को हटाओ

Feb 16, 2026
03:04 pm

क्या है खबर?

पाकिस्तान क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान शाहिद अफरीदी ने टी-20 विश्व कप 2026 में भारतीय क्रिकेट टीम के खिलाफ मिली हार के बाद पाकिस्तान टीम में बड़े बदलाव की मांग की है। उन्होंने कहा कि बाबर आजम, शाहीन शाह अफरीदी और शादाब खान जैसे वरिष्ठ खिलाड़ियों को टीम से बाहर कर देना चाहिए। उन्होंने जोर देकर कहा कि अब समय आ गया है कि युवा खिलाड़ियों को आगामी मैचों में मौका दिया जाए।

निशाना

अफरीदी ने वरिष्ठ खिलाड़ियों पर साधा निशाना

पाकिस्तानी न्यूज शो में बोलते हुए अफरीदी ने कहा कि वह आगामी मैचों में तीन सीनियर खिलाड़ियों को टीम से बाहर रखेंगे और जूनियर खिलाड़ियों को मौका देंगे। उन्होंने कहा, "अगर मुझे यहां कोई फैसला लेना हो, तो मैं शाहीन, बाबर और शादाब को भी बाहर बिठा दूंगा।" उन्होंने कहा, "इन खिलाड़ियों को खुद को साबित करने के काफी मौके मिले हैं, लेकिन उन्होंने लगातार निराश किया है। मैं नए खिलाड़ियों को खिलाऊंगा, युवाओं को मौका दूंगा।"

समर्थन

अफरीदी ने किया युवा खिलाड़ियों को अधिक मौके देने का समर्थन

अफरीदी ने सुझाव दिया कि टीम को अपने अगले मैचों में, खासकर नामीबिया क्रिकेट टीम के खिलाफ युवा खिलाड़ियों को मौका देना चाहिए। उन्होंने कहा, "मैं उनका समर्थन करूंगा, उन्हें आत्मविश्वास दूंगा और उन्हें खिलाता रहूंगा।" पूर्व कप्तान ने सवाल उठाया कि पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (PCB) के चयनकर्ता ऐसे वरिष्ठ खिलाड़ियों पर क्यों निर्भर रहते हैं जो अच्छा प्रदर्शन नहीं कर रहे हैं और वह क्यों युवा खिलाड़ियों को मौका नहीं दे रहे हैं।

Advertisement

प्रदर्शन

भारत के खिलाफ कैसा रहा रहा पाकिस्तान के वरिष्ठ खिलाड़ियों का प्रदर्शन?

भारत के खिलाफ मैच में बाबर आजम ने अक्षर पटेल के गेंद पर आउट होने से पहले 7 गेंदों पर सिर्फ 5 रन बनाए। तेज गेंदबाजी आक्रमण की अगुवाई करने वाले शाहीन का प्रदर्शन भी निराशाजनक रहा। उन्होंने 2 ओवरों में 31 रन लुटा दिए। शादाब का भी प्रदर्शन ऑलराउंड नहीं रहा। उन्होंने पहले गेंदबाजी में 1 ओवर में ही 17 रन लुटा दिए और फिर लक्ष्य का पीछा करते हुए सिर्फ 14 रन बनाकर आउट हो गए।

Advertisement

परिणाम

भारत ने किस तरह दर्ज की जीत?

भारत ने पहले बल्लेबाजी करते हुए ईशान किशन (77), कप्तान सूर्यकुमार यादव (32) और शिवम दुबे (27) की पारियों से 175/7 का स्कोर बनाया। पाकिस्तान से सैम अयूब ने सर्वाधिक 3 विकेट चटकाए। जवाब में पाकिस्तान के बल्लेबाजों ने निराश किया और टीम 18 ओवर में 114 पर सिमट गई। उस्मान खान ने सर्वाधिक 44 रनों की पारी खेली। भारत से हार्दिक पांड्या, जसप्रीत बुमराह, अक्षर पटेल और वरुण चक्रवर्ती ने 2-2 विकेट चटकाए।

ट्विटर पोस्ट

यहां सुने शाहीद अफरीदी का पूरा बयान

Advertisement