Page Loader
सबसे युवा 'प्लेयर ऑफ द ईयर' शाहीन अफरीदी के अंतरराष्ट्रीय आंकड़े
शाहीन शाह अफरीदी

सबसे युवा 'प्लेयर ऑफ द ईयर' शाहीन अफरीदी के अंतरराष्ट्रीय आंकड़े

Jan 25, 2022
12:53 pm

क्या है खबर?

पाकिस्तान के युवा तेज गेंदबाज शाहीन शाह अफरीदी ने अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में अपनी छाप छोड़ी है। पिछला साल अफरीदी के लिए शानदार रहा है, जिसकी बदौलत अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट काउंसिल (ICC) ने उन्हें 2021 का 'प्लेयर ऑफ द ईयर' चुना है। 21 वर्षीय अफरीदी यह सम्मान पाने वाले विश्व के सबसे युवा खिलाड़ी बन गए हैं। आइए उनके बीते साल के प्रदर्शन और अब तक के करियर पर एक नजर डालते हैं।

जानकारी

पाकिस्तान के पहले 'ICC प्लेयर ऑफ द ईयर' बने हैं अफरीदी

21 वर्षीय अफरीदी सबसे युवा 'प्लेयर ऑफ द ईयर' बन गए हैं। उनसे पहले यह रिकॉर्ड स्टीव स्मिथ (26 साल) के नाम दर्ज था। वहीं अफरीदी पाकिस्तान की ओर से ये सम्मान पाने वाले पहले खिलाड़ी बने हैं।

2021

अफरीदी ने 2021 में लिए 78 विकेट

पाकिस्तान के शाहीन अफरीदी ने 2021 में खेले 36 अंतरराष्ट्रीय मैचों में 22.20 की औसत के साथ 78 विकेट लिए जिसमें 51 रन देकर छह विकेट लेना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन रहा। 2021 में शाहीन ने 21 टी-20 मैचों में 23 विकेट लिए। टेस्ट क्रिकेट में उन्होंने नौ मैचों में 17.06 की औसत के साथ 47 विकेट अपने नाम किए। खास तौर से टी-20 विश्व कप में उन्होंने काफी घातक गेंदबाजी की थी।

टेस्ट करियर

शानदार रहा है टेस्ट करियर

बाएं हाथ के तेज गेंदबाज अफरीदी ने दिसंबर 2018 में न्यूजीलैंड के खिलाफ अपना टेस्ट पर्दापण किया था। उन्होंने अब तक 21 टेस्ट में 23.89 की औसत से 86 विकेट ले लिए हैं। टेस्ट प्रारूप में अफरीदी (47 विकेट) साल 2021 में दूसरे सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले गेंदबाज रहे थे। बीते साल उनसे ज्यादा विकेट सिर्फ भारत के रविचंद्रन अश्विन (54) ने लिए थे। अफरीदी गेंदबाजों की ताजा टेस्ट रैंकिंग (822 रेटिंग) में पांचवे स्थान पर मौजूद हैं।

वनडे और टी-20 करियर

ऐसा रहा है वनडे और टी-20 अंतरराष्ट्रीय करियर

अफगानिस्तान के खिलाफ अपना वनडे पर्दापण करने वाले अफरीदी ने अब तक 28 मैचों में पाकिस्तान का प्रतिनिधित्व कर लिया है, जिसमें 24.62 की औसत से 53 विकेट अपने नाम किए हैं। इस बीच उनका सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन 35 रन देकर छह विकेट लेना रहा है। अब तक 39 टी-20 अंतरराष्ट्रीय मैचों में अफरीदी में 24.93 की औसत और 7.82 के इकॉनमी रेट से 45 विकेट झटक लिए हैं।

जानकारी

न्यूजबाइट्स प्लस (फैक्ट)

अफरीदी ने वनडे क्रिकेट में सिर्फ 25 मैचों में अपने 50 विकेट पूरे किए थे। वह हसन अली (24 मैच) के बाद इस आंकड़े तक पहुंचने वाले दूसरे सबसे तेज पाकिस्तानी हैं।

विश्व कप

टी-20 विश्व कप में घातक रही थी अफरीदी की गेंदबाजी

अफरीदी ने UAE में खेले गए टी-20 विश्व कप 2021 में घातक गेंदबाजी करके प्रभावित किया था। उन्होंने विश्व कप के अपने पहले मैच में भारत के खिलाफ चार ओवरों में 31 रन देकर तीन विकेट लिए थे। उस मैच में अफरीदी ने रोहित शर्मा, केएल राहुल और विराट कोहली के रूप में बड़े शिकार किए थे। वहीं पूरे विश्व कप में उन्होंने छह मैचों में 24.14 की औसत और 7.04 की इकॉनमी रेट से सात विकेट झटके थे।