Page Loader
पाकिस्तान बनाम भारत: शाहीन अफरीदी ने चटकाए रोहित और कोहली के विकेट, बनाया यह रिकॉर्ड
रोहित शर्मा ने बनाए 11 रन (तस्वीर: X/@ACCMedia1)

पाकिस्तान बनाम भारत: शाहीन अफरीदी ने चटकाए रोहित और कोहली के विकेट, बनाया यह रिकॉर्ड

Sep 02, 2023
06:20 pm

क्या है खबर?

भारतीय क्रिकेट टीम और पाकिस्तान क्रिकेट टीम के बीच पल्लेकेले अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम में एशिया कप 2023 का तीसरा मुकाबला खेला जा रहा है। टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी भारतीय टीम की शुरुआत खराब रही। 5वें ओवर की आखिरी गेंद पर शाहीन शाह अफरीदी ने रोहित शर्मा को और 7वें ओवर की तीसरी गेंद पर विराट कोहली को पवेलियन भेजा। शाहीन अफरीदी एक ही वनडे मैच में रोहित और कोहली दोनों को बोल्ड आउट करने वाले पहले गेंदबाज हैं।

प्रदर्शन

शाहीन ने ऐसे रोहित को फंसाया

5वें ओवर की तीसरी, चौथी और 5वीं गेंद बाहर निकालने के बाद शाहीन ने आखिरी गेंद अंदर वाली की और रोहित बोल्ड हो गए। रोहित ने गेंद को फ्रंट फुट से रोकने का प्रयास किया, लेकिन बल्ले और पैड के बीच गैप बना और गेंद सीधा विकेट में जाकर लगी। रोहित ने 22 गेंदों पर 2 चौकों की मदद से 11 रन बनाए। यह पहली बार है जब अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में रोहित को किसी पाकिस्तानी तेज गेंदबाज ने बोल्ड किया।

प्रदर्शन

विराट ने बनाए 4 रन

7वें ओवर की तीसरी गेंद शाहीन ने लेंथ गेंद फेंकी। विराट ने चौथे स्टंप के करीब बैकफुट से ऑफ साइड में हल्के हाथों से पुश करने का प्रयास किया। गेंद कोहली के बल्ले का किनारा लेकर सीधे स्टंप पर जाकर लगी और विराट कोहली 7 गेंदों पर 1 चौके की मदद से 4 रन बनाकर पवेलियन लौटे। कोहली का एशिया कप के वनडे प्रारूप में यह सबसे कम स्कोर है। इससे पहले उनका सबसे कम स्कोर 5 रन था।