शाहरुख खान ने किया LA नाइट राइडर्स स्टेडियम का उद्घाटन, अमेरिका में क्रिकेट को मिलेगा बढ़ावा
क्या है खबर?
बॉलीवुड के सुपरस्टार शाहरुख खान ने कैलिफोर्निया के पोमोना में LA नाइट राइडर्स क्रिकेट स्टेडियम का आधिकारिक उद्घाटन किया। यह मैदान मेजर लीग क्रिकेट (MLC) में LA नाइट राइडर्स टीम का घरेलू मैदान होगा। इसके साथ-साथ आगामी ओलंपिक में भी इसका उपयोग किया जाएगा। बता दें कि शाहरुख नाइट राइडर्स ग्रुप के सह-मालिक हैं। इस कदम को अमेरिका में क्रिकेट की बढ़ती लोकप्रियता के तौर पर भी देखा जा रहा है।
पोस्ट
शाहरुख ने एक्स पर किया पोस्ट
शाहरुख ने एक्स पर पोस्ट करते हुए लिखा, 'जो एक सपना था, वह आज हकीकत बन गया है। आप सभी का LA के नाइट राइडर्स क्रिकेट ग्राउंड में स्वागत है। यह जगह सिर्फ खेल के लिए ही नहीं, बल्कि ऐसी यादों के लिए जो हमेशा साथ रहेंगी।' उन्होंने ICC के चेयरमैन जय शाह का आभार व्यक्त किया। उन्होंने आगे लिखा 'जयभाई का खास शुक्रिया, जो इस सफर में बहुत मददगार रहे हैं।'
ट्विटर पोस्ट
Twitter Post
What started as a dream… turns into reality today.
— Shah Rukh Khan (@iamsrk) July 1, 2026
Welcoming you all to the Knight Riders Cricket Ground, LA.
A place built not just for sports but also entertainment and for families… and memories that last forever.
Special thanks to Jaybhai who has been too kind through… pic.twitter.com/5WEBSEHyOh
मैदान
अंतरराष्ट्रीय मैचों का भी हो सकेगा आयोजन
इस मैदान के भविष्य में अंतरराष्ट्रीय स्तर के मुकाबलों के लिए भी महत्वपूर्ण केंद्र बनने की उम्मीद है। ओलंपिक 2028 का आयोजन लॉस एंजिल्स में होना है और इन खेलों के महाकुंभ में इस बार क्रिकेट की भी वापसी होनी है। ऐसे में ये मैदान ओलंपिक के मैचों की मेजबानी करता हुआ भी नजर आयेगा। अमेरिका में अब तक गिनती के ही क्रिकेट के स्थाई मैदान हैं, ऐसे में यह अहम कदम साबित होगा।
आयोजन
MLC 2026 के 7 मैचों की मेजबानी करेगा ये मैदान
LA नाइट राइडर्स स्टेडियम में MLC के इस बार कुल 7 मैच खेले जाने हैं, जिसमें 3 घरेलू मुकाबले शामिल हैं। बाकी 4 मैच अन्य टीमों के बीच खेले जाएंगे। कार्यक्रम के अनुसार, MLC 2026 में इस बार कुल 34 मैच होंगे, जिनका आयोजन 3 मैदानों पर किया जाएगा। टेक्सास के ग्रैंड प्रेरी स्टेडियम में सर्वाधिक 15 मैच होने हैं। इनके अलावा कैलिफोर्निया के ओकलैंड कोलिजियम स्टेडियम में 12 मैच खेले जाएंगे।