LOADING...
टी-20 विश्व कप 2026: स्कॉटलैंड बनाम इटली मैच का प्रीव्यू और अन्य महत्वपूर्ण जानकारी
स्कॉटलैंड हर हाल में दूसरा मुकाबला जीतना चाहेगी (फाइल तस्वीर)

टी-20 विश्व कप 2026: स्कॉटलैंड बनाम इटली मैच का प्रीव्यू और अन्य महत्वपूर्ण जानकारी

Feb 08, 2026
03:38 pm

क्या है खबर?

टी-20 विश्व कप 2026 का 7वां मुकाबला सोमवार (9 फरवरी) को स्कॉटलैंड क्रिकेट टीम और इटली क्रिकेट टीम के बीच कोलकाता में खेला जाएगा। यह ग्रुप-C का मुकाबला होगा। स्कॉटलैंड पहला मुकाबला वेस्टइंडीज के खिलाफ 35 रनों से हार चुकी है। ऐसे में वह यह मैच हर हाल में जीतना चाहेगी। इटली पहली बार इस टूर्नामेंट में हिस्सा ले रही है। वह स्कॉटलैंड को कड़ी टक्कर देना चाहेगी। आइए मुकाबले का प्रीव्यू और महत्वपूर्ण बातों पर नजर डालते हैं।

हेड-टू-हेड

इटली के खिलाफ स्कॉटलैंड का पलड़ा रहा है भारी 

स्कॉटलैंड और इटली के बीच पहला टी-20 अंतरराष्ट्रीय मुकाबला साल 2012 में खेला गया था। अब तक दोनों टीमों के बीच 4 मैच खेले गए हैं। 3 मैच में स्कॉटलैंड को जीत मिली है। सिर्फ 1 मुकाबला इटली जीत पाई है। इन दोनों टीमों के बीच आखिरी मुकाबला जुलाई 2025 में खेला गया था। उस मैच को इटली ने 12 रन से अपने नाम किया था। उसके पहले लगातार 3 मैच में उसे स्कॉटलैंड के खिलाफ हार मिली थी।

टीम

ये हो सकती है इटली की प्लेइंग इलेवन 

जे.जे. स्मट्स को दक्षिण अफ्रीका क्रिकेट टीम के लिए टी-20 अंतरराष्ट्रीय मैच खेलने का अनुभव है। ऐसे में उनसे टीम को काफी उम्मीद होगी। उन्होंने दक्षिण अफ्रीका के लिए 16 टी-20 में 211 रन बनाए हैं और 4 विकेट भी चटकाए हैं। टीम की गेंदबाजी भी अच्छी नजर आ रही है। संभावित एकादश: जस्टिन मोस्का, एंथनी मोस्का, जे.जे. स्मट्स, वेन मैडसेन (कप्तान), हैरी मानेन्टी, बेन मानेन्टी, जियान-पिएरो मीडे (विकेटकीपर), ग्रांट स्टीवर्ट, जसप्रीत सिंह, अली हसन और क्रिशन कलुगामागे।

Advertisement

प्लेइंग इलेवन

स्कॉटलैंड इन खिलाड़ियों को दे सकता है मौका 

ब्रैड करी ने वेस्टइंडीज के खिलाफ शानदार गेंदबाजी की थी। उन्होंने 4 ओवर में सिर्फ 23 रन खर्च किए थे और 2 विकेट लिए थे। इटली के खिलाफ करी वही प्रदर्शन दोहराना चाहेंगे। कप्तान रिची बेरिंगटन ने 24 गेंदों में 42 रन बनाए थे। ऐसे में वह भी एक बड़ी पारी खेलना चाहेंगे। संभावित एकादश: जॉर्ज मुन्सी, मैथ्यू क्रॉस (विकेटकीपर), ब्रैंडन मैकमुलेन, माइकल जोन्स, टॉम ब्रूस, रिची बेरिंगटन (कप्तान), माइकल लीस्क, ओलिवर डेविडसन, मार्क वॉट, ब्रैड करी और सफयान शरीफ।

Advertisement

पिच

कैसा होगा पिच का मिजाज? 

ईडन गार्डन स्टेडियम में काली मिट्‌टी की पिच बनाई जाती है। टी-20 प्रारूप में यह पिच बल्लेबाजों को काफी रास आती है। खेल की शुरुआत में यहां तेज गेंदबाजों को थोड़ी मदद मिलती है। उसके बाद स्पिनर्स का काम आसान होता है। यहां की ऑउटफील्ड बहुत तेज है, जिससे बल्लेबाजों को ज्यादा रन बनाने के मौके मिलते हैं। हाउस्टेट के मुताबिक, इस मैदान पर पहली पारी का औसत स्कोर 142 रन है।

जानकारी

कैसा रहेगा मौसम? 

एक्यूवेदर के अनुसार, 9 फरवरी को कोलकाता में मौसम साफ रहेगा। यहां अधिकतम तापमान 27 डिग्री और न्यूनतम तापमान के 16 डिग्री रहने का अनुमान है। बारिश की संभावना नहीं है। ऐसे में दर्शकों को पूरा मैच आराम से देखने को मिलेगा।

नजर

इन खिलाड़ियों के प्रदर्शन पर रहेंगी नजरें 

मानेन्टी ने पिछले 10 मैचों में 229 रन बनाए हैं। मोस्का ने 10 मैचों में 158.15 की स्ट्राइक रेट से 223 रन अपने नाम किए हैं। स्कॉटलैंड से मुन्सी ने पिछले 10 मैचों में 287 रन बनाए हैं। मैकमुलेन 10 मैचों 261 रन बनाने में सफल रहे हैं। कलुगामागे ने 9 मैचों में 15 विकेट अपने नाम किए हैं। इसी प्रकार लीस्क ने 7 मैचों में 10 विकेट चटका चुके हैं। इन खिलाड़ियों के प्रदर्शन पर नजरें रहेंगी।

जानकारी

कब और कहां देखें मुकाबला? 

स्कॉटलैंड और इटली के बीच यह मुकाबला कोलकाता के ईडन गार्डन स्टेडियम में सुबह 11 बजे से खेला जाएगा। भारत में स्टार स्पोर्ट्स नेटवर्क और जियोहॉटस्टार ऐप पर इस मैच का सीधा प्रसारण देखा जा सकता है।

Advertisement