Loading...
रणजी ट्रॉफी 2025-26 में कमाल का रहा था सरफराज खान का प्रदर्शन, जानिए आंकड़े
सरफराज खान श्रीलंका के खिलाफ शानदार प्रदर्शन करना चाहेंगे (तस्वीर: एक्स/@BCCI)

रणजी ट्रॉफी 2025-26 में कमाल का रहा था सरफराज खान का प्रदर्शन, जानिए आंकड़े

Aug 10, 2026
12:26 pm

क्या है खबर?

सरफराज खान को चोटिल साई सुदर्शन की जगह श्रीलंका के खिलाफ आगामी 2 मैचों की टेस्ट सीरीज के लिए भारतीय टीम में शामिल किया गया है। भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) ने रविवार को इसकी घोषणा की। सरफराज करीब 2 साल बाद टेस्ट क्रिकेट में वापसी के लिए तैयार हैं। उन्होंने रणजी ट्रॉफी 2025-26 में शानदार प्रदर्शन किया था। इस दौरान उन्होंने लगातार रन बनाए और चयनकर्ताओं का ध्यान खींचा। ऐसे में उनके रणजी प्रदर्शन पर एक नजर डालते हैं।

प्रदर्शन

2025-26 सीजन में ऐसा था सरफराज का प्रदर्शन 

मुंबई के लिए सरफराज ने 2025-26 रणजी सीजन में 7 मुकाबले खेले थे और इसकी 9 पारियों में 53.62 की औसत से 429 रन बनाए थे।

उनके बल्ले से एक शतक और एक अर्धशतक निकला था। उनका सर्वश्रेष्ठ स्कोर 227 रन रहा था। इस दौरान सरफराज ने 75.13 की स्ट्राइक रेट से बल्लेबाजी की थी।

मुंबई के लिए उनसे ज्यादा रन सिर्फ मुशीर खान (446) और सिद्धेश लाड (774) ने बनाए थे।

दोहरा शतक

हैदराबाद के खिलाफ सरफराज ने जड़ा था दोहरा शतक 

सरफराज का इस रणजी सीजन में एकमात्र तिहरा अंक वाला स्कोर हैदराबाद के खिलाफ आया, जहां उन्होंने राजीव गांधी अंतरराष्ट्रीय स्टेडियम में शानदार दोहरा शतक जड़ा था।

उन्होंने दूसरे दिन महज 206 गेंदों में 200 रन पूरे किए थे। सरफराज ने 219 गेंदों में 227 रन की पारी खेली थी।

अपनी आक्रामक बल्लेबाजी के दौरान उन्होंने 19 चौके और 9 छक्के लगाए थे।

इसके अलावा सरफराज के बल्ले से केवल एक अर्धशतक निकला था।

ADVERTISEMENT

वापसी

सरफराज 2 साल बाद टीम के साथ जुड़े 

सरफराज को आखिरी बार बॉर्डर-गावस्कर ट्रॉफी 2024-25 के दौरान भारतीय टीम में चुना गया था।

उन्होंने भारत के लिए अपना आखिरी मुकाबला नवंबर 2024 में न्यूजीलैंड के खिलाफ बेंगलुरु टेस्ट में खेला था, जहां उन्होंने शानदार 150 रनों की शतकीय पारी खेली थी।

इसके बाद वे टीम से बाहर चल रहे थे।

खबरों के मुताबिक, अपनी वापसी के लिए सरफराज ने फिटनेस पर कड़ा काम किया है और अपना वजन भी काफी कम किया है।

ADVERTISEMENT

करियर

ऐसा रहा है सरफराज का करियर 

सरफराज ने फरवरी 2024 में इंग्लैंड क्रिकेट टीम के खिलाफ अपना टेस्ट डेब्यू किया था और अपने पहले ही मैच की दोनों पारियों में अर्धशतक बनाए थे।

उसके बाद से उन्होंने भारत के लिए 6 टेस्ट मैच खेले हैं, जिनमें उन्होंने 37.10 के औसत से 371 रन बनाए हैं। इस दौरान उन्होंने एक शतक और 3 अर्धशतक जड़े हैं।

उन्होंने अब तक 62 प्रथम श्रेणी मैचों में 64.73 की असाधारण औसत से 5,115 रन भी अपने नाम किए हैं।

ADVERTISEMENT