Loading...
श्रीलंका टेस्ट सीरीज: सरफराज खान की भारतीय टीम में वापसी, चोटिल साई सुदर्शन की लेंगे जगह
श्रीलंका के खिलाफ टेस्ट सीरीज के लिए साई सुदर्शन की जगह सरफराज खान को भारतीय टीम में शामिल किया गया है

श्रीलंका टेस्ट सीरीज: सरफराज खान की भारतीय टीम में वापसी, चोटिल साई सुदर्शन की लेंगे जगह

Aug 09, 2026
08:50 pm

क्या है खबर?

भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) ने श्रीलंका क्रिकेट टीम के खिलाफ खेली जानी वाली आगामी 2 मैचों की टेस्ट सीरीज के लिए मुंबई के स्टार बल्लेबाज सरफराज खान को भारतीय क्रिकेट टीम में शामिल किया है। सरफराज को युवा बल्लेबाज साई सुदर्शन के स्थान पर टीम में शामिल किया गया है, जो दाहिने पैर के अंगूठे में चोट के कारण इस पूरी सीरीज से बाहर हो गए हैं। बता दें कि सीरीज का आगाज 15 अगस्त से होगा।

बयान

BCCI ने क्या जारी किया बयान?

BCCI ने कहा है कि सुदर्शन श्रीलंका के खिलाफ टेस्ट सीरीज से बाहर हो गए हैं।

उन्होंने बेंगलुरु में BCCI के सेंटर ऑफ एक्सीलेंस (COE) में अपने दाहिने पैर के अंगूठे की चोट से से उबरने में काफी सुधार किया है और वे तेजी से ठीक हो रहे हैं। मेडिकल टीम उनके सुधार पर बारीकी से नजर रख रही है।

चयन समिति ने श्रीलंका के खिलाफ सीरीज के लिए सुदर्शन की जगह सरफराज खान को टीम में शामिल किया है।

वापसी

सरफराज की करीब 2 साल बाद हुई टीम में वापसी

सरफराज को आखिरी बार बॉर्डर-गावस्कर ट्रॉफी 2024-25 के दौरान भारतीय टीम में चुना गया था।

उन्होंने भारत के लिए अपना आखिरी मुकाबला नवंबर 2024 में न्यूजीलैंड के खिलाफ बेंगलुरु टेस्ट में खेला था, जहां उन्होंने शानदार 150 रनों की शतकीय पारी खेली थी। इसके बाद वे टीम से बाहर चल रहे थे।

खबरों के मुताबिक, अपनी वापसी के लिए सरफराज ने फिटनेस पर कड़ा काम किया है और अपना वजन भी काफी कम किया है।

ADVERTISEMENT

करियर

कैसा रहा है सरफराज का टेस्ट करियर?

सरफराज ने फरवरी 2024 में इंग्लैंड क्रिकेट टीम के खिलाफ अपना टेस्ट डेब्यू किया था और अपने पहले ही मैच की दोनों पारियों में अर्धशतक बनाए थे।

उसके बाद से उन्होंने भारत के लिए 6 टेस्ट मैच खेले हैं, जिनमें उन्होंने 37.10 के औसत से 371 रन बनाए हैं। इस दौरान उन्होंने एक शतक और 3 अर्धशतक जड़े हैं।

उन्होंने अब तक 62 प्रथम श्रेणी मैचों में 64.73 की असाधारण औसत से 5,115 रन भी अपने नाम किए हैं।

ADVERTISEMENT

चोट

चोटिल खिलाड़ियों की समस्या से जूझ रही भारतीय टीम

भारतीय टीम के कई मुख्य खिलाड़ी इस समय चोटिल हैं। जसप्रीत बुमराह पहले ही बाहर हैं, जबकि हर्षित राणा, नितीश कुमार रेड्डी, वाशिंगटन सुंदर और आकाश दीप भी अलग-अलग चोटों के कारण इस सीरीज में चयन के लिए उपलब्ध नहीं हैं।

सरफराज कोलंबो में भारतीय दल से जुड़ेंगे, जिसके बाद टीम 15 अगस्त से गॉल में शुरू होने वाले पहले टेस्ट मैच के लिए रवाना होगी।

यह टेस्ट सीरीज विश्व टेस्ट चैंपियनशिप (WTC) 2025-27 चक्र का हिस्सा है।

जानकारी

श्रीलंका टेस्ट के लिए भारत की संशोधित टीम

श्रीलंका टेस्ट के लिए भारत की संशोधित टीम: शुभमन गिल (कप्तान), केएल राहुल (उपकप्तान), यशस्वी जायसवाल, ऋषभ पंत (विकटकीपर), ध्रुव जुरेल (विकटकीपर), रविंद्र जडेजा, कुलदीप यादव, मानव सुथार, मोहम्मद सिराज, प्रसिद्ध कृष्णा, गुरनूर ब्रार, देवदत्त पडिक्कल, सारांश जैन, औकिब नबी, सरफराज खान।

ADVERTISEMENT