रणजी ट्रॉफी: पिछली 10 पारियों में 1,258 रन बना चुका है यह युवा भारतीय बल्लेबाज
क्या है खबर?
रणजी ट्रॉफी का भारतीय क्रिकेट में काफी महत्व है। इस प्रतियोगिता में अच्छे प्रदर्शन का मतलब है कि खिलाड़ी भारतीय टीम का दरवाजा खटखटाना शुरु कर देता है। इसी क्रम में मुंबई के लिए खेलने वाले सरफराज खान भी लगातार शानदार प्रदर्शन कर रहे हैं।
सरफराज 2019-20 रणजी सीजन में दमदार प्रदर्शन किया था और वर्तमान सीजन में भी अदभुत शुरुआत की है।
आइए जानते पिछले 10 पारियों में सरफराज ने क्या कमाल किया है।
2019-20
2019-20 में नौ पारियों में सरफराज ने बनाए थे 928 रन
2019-20 सीजन में सरफराज का बल्ला खूब चला था और वह सीजन के पांचवें सर्वाधिक रन बनाने वाले बल्लेबाज रहे थे। उन्होंने नौ पारियों में 154.67 की अदभुत औसत के साथ 928 रन बनाए थे।
इस दौरान उनके बल्ले से तीन शतक निकले थे। इनमें से एक को उन्होंने तिहरे और एक दो दोहरे शतक में तब्दील किया था। वह एक बार 177 के स्कोर पर आउट भी हुए थे।
पिछली 10 पारियां
पिछली 10 पारियों में 1,258 रन बना चुके हैं सरफराज
2020-21 में रणजी ट्रॉफी का आयोजन कोरोना वायरस के कारण नहीं हो सका था और इस बार बदले हुए फॉर्मेट में टूर्नामेंट का आयोजन हो रहा है। सरफराज ने इस सीजन की शुरुआत भी 275 रनों की जबरदस्त पारी खेलते हुए की थी। इसके बाद अगले मुकाबले की पहली पारी में उन्होंने अर्धशतक लगाया है।
कुल मिलाकर रणजी में खेली पिछली 10 पारियों में सरफराज के बल्ले से 1,258 रन निकले हैं।
तिहरा शतक
यूपी के खिलाफ नाबाद तिहरा शतक लगाकर ड्रॉ कराया था मैच
2019-20 में यूपी ने मुंबई के खिलाफ पहली पारी में 625/8 का बड़ा स्कोर खड़ा किया था। जवाब में मुंबई ने 128 के स्कोर पर चार विकेट गंवा दिए थे।
इसके बाद सरफराज ने 391 गेंदों में नाबाद 301 रन बनाते हुए मैच ड्रॉ कराया था। सरफराज ने अपनी पारी के दौरान 30 चौके और आठ छक्के लगाए थे। उन्होंने 167 ओवर का खेल होने के बावजूद मुंबई को ऑल आउट नहीं होने दिया था।
2022 सीजन
बड़ी पारी के साथ की है वर्तमान सीजन की शुरुआत
इस सीजन के पहले मैच में मुंबई ने सौराष्ट्र के खिलाफ 44 के स्कोर पर तीन विकेट गंवा दिए थे। इसके बाद सरफराज ने 401 गेंदों में 275 रनों की खूबसूरत पारी खेली थी जिसमें तीस चौके और सात छक्के शामिल थे। सरफराज की बदौलत मुंबई ने 544 रन बनाए थे।
फॉलो-ऑन खेलते हुए सौराष्ट्र ने 116 ओवर्स की बल्लेबाजी की थी और एक विकेट शेष रहते हुए मैच ड्रॉ कराया था।
करियर
ऐसा रहा है सरफराज का घरेलू करियर
24 साल के सरफराज ने 17 साल की उम्र में ही अपना फर्स्ट-क्लास डेब्यू कर लिया था। हालांकि, पिछले दो-तीन सीजन में ही उन्हें अधिक मैच खेलने के मौका मिले हैं। अब तक खेले 20 मैचों में उन्होंने 75.95 की औसत के साथ 1,823 रन बनाए हैं।
भारत के लिए अंडर-19 विश्व कप खेल चुके सरफराज ने 40 इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) मुकाबले भी खेले हैं। IPL में उन्होंने एक अर्धशतक सहित कुल 441 रन बनाए हैं।