Page Loader
संजू सैमसन ने पिछली 15 टी-20 अंतरराष्ट्रीय पारियों में लगाया सिर्फ 1 अर्धशतक, जानिए निराशाजनक आंकड़े
संजू सैमसन का फॉर्म कुछ खास नहीं चल रहा (तस्वीर: एक्स/@BCCI)

संजू सैमसन ने पिछली 15 टी-20 अंतरराष्ट्रीय पारियों में लगाया सिर्फ 1 अर्धशतक, जानिए निराशाजनक आंकड़े

Oct 10, 2024
11:06 am

क्या है खबर?

भारतीय क्रिकेट टीम के प्रमुख बल्लेबाज संजू सैमसन का खराब फॉर्म जारी है। उन्होंने बांग्लादेश क्रिकेट टीम के खिलाफ पहले 2 टी-20 अंतरराष्ट्रीय मुकाबलों में 10 और 29 के स्कोर बनाए हैं। बल्लेबाजी के लिए मुफीद नजर आ रही दिल्ली की पिच पर भी वह बड़ा स्कोर बनाने में नाकाम रहे। सैमसन ने 7 गेंदों का सामना किया और तस्कीन अहमद की गेंद पर आउट हुए। आइए उनके खराब दौर के आंकड़ों पर एक नजर डालते हैं।

आंकड़े

पिछली 15 पारियों में 50+ का सिर्फ एक स्कोर

सैमसन टी-20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट की अपनी पिछली 15 पारियों में केवल एक बार 50 या उससे अधिक रन बनाए हैं। उनका सर्वश्रेष्ठ स्कोर 58 रन है जो जिम्बाब्वे क्रिकेट टीम के खिलाफ आया था। पिछली 15 पारियों में उनके स्कोर क्रमशः 10, 29, 0, 0, 58, 12*, 0, 40, 1, 13, 7, 12, 5, 15 और 30 रन रहे हैं। इस सीरीज में सैमसन सलामी बल्लेबाज के रूप में नजर आ रहे हैं।

साल

पिछले 2 सालों में बेहद खराब रहे हैं सैमसन के आंकड़े 

संजू ने साल 2024 में 8 टी-20 अंतरराष्ट्रीय मुकाबले खेले है। इसकी 7 पारियों में 1 बार नाबाद रहते हुए 18.16 की खराब औसत के साथ सिर्फ 109 रन बनाए हैं। उनकी स्ट्राइक रेट 129.76 की रही है। साल 2023 में सैमसन को 8 मुकाबलों में मौका मिला था। उसकी 6 पारियों में 1 बार नाबाद रहते हुए 15.60 की बेहद खराब औसत के साथ इस खिलाड़ी ने 78 रन बनाए थे। उनका सर्वश्रेष्ठ स्कोर 40 रन रहा था।

आंकड़े

बांग्लादेश के खिलाफ सैमसन के आंकड़े 

बांग्लादेश के खिलाफ सैमसन ने अब तक 2 मुकाबले खेले हैं और 19.50 की औसत से सिर्फ 39 रन बनाए हैं। उनकी स्ट्राइक रेट 150 की रही है। सैमसन के टी-20 अंतरराष्ट्रीय करियर में सबसे ज्यादा रन आयरलैंड क्रिकेट टीम के खिलाफ आए हैं। उनके बल्ले से 3 मैच की 3 पारियों में 59 की औसत से 118 रन निकले हैं। उनकी स्ट्राइक रेट 171.01 की रही है। सैमसन का सर्वश्रेष्ठ स्कोर 77 रन रहा है।

करियर

कैसा रहा है सैमसन का टी-20 अंतरराष्ट्रीय करियर?

सैमसन ने अपना पहला टी-20 अंतरराष्ट्रीय मुकाबला साल 2015 में जिम्बाब्वे के खिलाफ खेला था। उन्होंने अब तक 32 मुकाबले खेले हैं और इसकी 28 पारियों में 3 बार नाबाद रहते हुए 19.32 की औसत से 483 रन बनाए हैं। उनकी स्ट्राइक रेट 132.69 की रही है। सैमसन के करियर के 2 अर्धशतक जिम्बाब्वे और आयरलैंड जैसी कमजोर टीमों के खिलाफ आए हैं। ऐसे में बांग्लादेश के खिलाफ आखिरी टी-20 मुकाबले में सैमसन से एक बड़ी पारी की उम्मीद होगी।