Loading...
सैंडपेपर गेट विवाद: पैट कमिंस के बयान पर भड़के रविचंद्रन अश्विन, उस्मान ख्वाजा का किया समर्थन
सैंडपेपर गेट विवाद मामले में पैट कमिंस के बयान पर भड़के रविचंद्रन अश्विन

सैंडपेपर गेट विवाद: पैट कमिंस के बयान पर भड़के रविचंद्रन अश्विन, उस्मान ख्वाजा का किया समर्थन

Nov 17, 2026
01:10 pm

क्या है खबर?

ऑस्ट्रेलिया के पूर्व बल्लेबाज उस्मान ख्वाजा द्वारा अपनी आत्मकथा 'सब्र' में 2018 के 'सैंडपेपर गेट' विवाद को लेकर किए गए खुलासों पर ऑस्ट्रेलियाई कप्तान पैट कमिंस की प्रतिक्रिया ने नया विवाद खड़ा कर दिया है। कमिंस द्वारा ख्वाजा के दावों को बकवास और आधारहीन बताए जाने की भारत के पूर्व दिग्गज स्पिनर रविचंद्रन अश्विन ने कड़ी आलोचना की है। अश्विन कहा है कि किसी खिलाड़ी के संस्मरण को इस तरह खारिज करना अपमानजनक है।

बयान

अश्विन ने क्या दिया बयान?

जियोस्टार के कार्यक्रम 'सैंडपेपर गेट: द अनसेटल्ड डिबेट' में अश्विन ने कहा, "ईमानदारी से कहूं तो इस पर चर्चा होनी चाहिए। यह उनकी किताब है। उस्मान ख्वाजा ने उस घटना का विवरण प्रस्तुत किया है जिसे वे सच मानते हैं। हम इसे पढ़ना चाहते हैं, इससे सीखना चाहते हैं और इससे आगे बढ़ना चाहते हैं या नहीं, यह हम पर निर्भर है। हालांकि, उन्होंने जो लिखा है, हम उसे स्वीकार करें। कहानी के उनके पक्ष को खारिज करना अपमानजनक होगा।"

नाराजगी

अश्विन ने कमिंस के रुख पर जताई नाराजगी

अश्विन ने कहा, "जो बात मुझे और भी ज्यादा परेशान करती है, वह यह है कि पैट कमिंस जैसा व्यक्ति, जिनकी मैं एक क्रिकेटर के रूप में वास्तव में प्रशंसा करता हूं, वह ऑस्ट्रेलिया के कप्तान हैं। उन्होंने सामने आकर ख्वाजा की बातों को 'आधारहीन' और 'बकवास' बताया है। उन्होंने घटनाओं का एक ऐसा संस्करण पेश किया है जो ख्वाजा की बातों के बिल्कुल विपरीत है, जबकि डेविड वार्नर लगातार उसी बात पर कायम हैं जिसे वे सच मानते हैं।"

ADVERTISEMENT

पृष्ठभूमि

ख्वाजा का दावा और गेंदबाजों का इनकार

2018 में दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ केपटाउन टेस्ट के दौरान हुए बॉल टैंपरिंग कांड के बाद तत्कालीन कप्तान स्टीव स्मिथ, उपकप्तान डेविड वार्नर और कैमरन बैनक्रॉफ्ट को कड़ी सजा दी गई थी।

अब ख्वाजा ने अपनी किताब में दावा किया है कि गेंद की स्थिति बदलने के लिए सैंडपेपर के इस्तेमाल की योजना की जानकारी पूरी ऑस्ट्रेलियाई टीम और सपोर्ट स्टाफ को थी, इसलिए इसकी जिम्मेदारी पूरी टीम पर तय होनी चाहिए।

ADVERTISEMENT

खंडन

कमिंस और स्टार्क ने किया खंडन

ऑस्ट्रेलिया के वर्तमान कप्तान कमिंस ने ख्वाजा के दावों को सिरे से खारिज करते हुए जोर देकर कहा है कि उन सहित टीम के गेंदबाजों को इस बात की कोई जानकारी नहीं थी कि मैदान पर कोई बाहरी वस्तु (सैंडपेपर) ले जाई गई थी।

उनके साथी तेज गेंदबाज मिचेल स्टार्क ने भी बॉल टैंपरिंग की किसी भी साजिश में शामिल होने या जानकारी होने से साफ इनकार किया है। इन दावों ने ख्वाजा की किताब को विवादों में ला दिया।

ADVERTISEMENT