सैंडपेपर गेट विवाद: उस्मान ख्वाजा के दावों के बाद CA फिर सुनेगा खिलाड़ियों के बयान
क्या है खबर?
क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया (CA) ने बुधवार को ऐलान किया है कि वह साल 2018 के दक्षिण अफ्रीका दौरे के दौरान हुए कुख्यात 'सैंडपेपर गेट' विवाद में शामिल खिलाड़ियों और सहयोगी स्टाफ के बयानों को फिर से सुनेगा। CA के मुख्य कार्यकारी अधिकारी (CEO) टॉड ग्रीनबर्ग और अंतरिम अध्यक्ष डेविड बून ने इस मामले के लिए एक स्वतंत्र मंच गठित करने का ऐलान किया है। हालांकि, बोर्ड ने स्पष्ट किया है कि इन बयानों का विवरण फिलहाल गोपनीय रखा जाएगा।
कारण
क्यों लिया गया यह फैसला?
मंगलवार को हुई CA की बैठक के बाद यह निर्णय लिया है। बोर्ड को उम्मीद है कि यह स्वतंत्र मंच इस विवाद को शांत करने में अहम भूमिका निभाएगा।
CA ने यह साफ कर दिया है कि सुनवाई के बाद इस मामले में किसी भी खिलाड़ी या सदस्य पर कोई नया प्रतिबंध नहीं लगाया जाएगा।
गौरतलब है कि पूर्व ऑस्ट्रेलियाई बल्लेबाज उस्मान ख्वाजा ने अपनी आत्मकथा 'सब्र' में दावा किया था कि इस मामले में पूरी टीम को जानकारी थी।
बयान
CEO ग्रीनबर्ग ने क्या दिया बयान?
CA के CEO ग्रीनबर्ग ने इस मामले में विरोधाभासी बयानों पर चिंता जताते हुए कहा, "हम आगे आने वाले लोगों की गोपनीयता की रक्षा करते हुए, जितना संभव हो उतना पारदर्शी रहने की कोशिश करेंगे। यह किसी के लिए भी अच्छा नहीं है। हमें इस स्थिति से बाहर निकलने का रास्ता खोजना होगा और हमें इस घाव को भरने की जरूरत है।"
इसी तरह अंतरिम अध्यक्ष बून ने भी मामले का जल्द समाधान निकालने की बात कही है।
स्वागत
ख्वाजा ने किया CA के कदम का स्वागत
CA की घोषणा के बाद ख्वाजा ने कायो स्पोर्ट्स से कहा, "मैं ऐसा करने के लिए CA की सराहना करता हूं। काश उन्होंने यह कदम थोड़ा पहले उठाया होता, लेकिन अभी भी कुछ सवाल हैं जिनका जवाब मिलना बाकी है, जिस पर मुझे यकीन है कि मैं अगले सप्ताह टॉड के साथ चर्चा करूंगा। हम सभी आगे बढ़ना चाहते हैं... सवाल यह है कि क्या यह कदम हमें आगे बढ़ने देगा? यही वह सवाल है जो पूछा जाना चाहिए।"
प्रकरण
क्या था 'सैंडपेपर गेट' प्रकरण?
'सैंडपेपर गेट' घटना मार्च 2018 में दक्षिण अफ्रीका के केपटाउन में खेले टेस्ट मैच में हुई थी।
मैच के तीसरे दिन कैमरून बैनक्रॉफ्ट को सैंडपेपर से गेंद को रगड़ते हुए कैमरों में कैद किया गया था।
उन्होंने गेंदबाजों को रिवर्स स्विंग का लाभ दिलाने के लिए ऐसा किया था।
बाद में स्टीव स्मिथ और बैनक्रॉफ्ट ने गेंद से छेड़छाड़ की बात स्वीकार की, जिसमें डेविड वार्नर की मुख्य भूमिका सामने आई थी। इस पर CA ने प्रतिबंध की कार्रवाई की।