संदीप लामिछाने बने वनडे क्रिकेट में नेपाल के नए कप्तान, जानिए उनके आंकड़े
क्या है खबर?
संदीप लामिछाने को वनडे में नेपाल क्रिकेट टीम का नया कप्तान नियुक्त किया गया है। वह रोहित पौडेल की जगह यह जिम्मेदारी संभालेंगे। क्रिकेट एसोसिएशन ऑफ नेपाल (CAN) ने एसीसी पुरुष प्रीमियर कप से पहले यह बदलाव किया है। यह टूर्नामेंट 30 अगस्त से 12 सितंबर तक मलेशिया में खेला जाएगा। लामिछाने दूसरी बार नेपाल की कप्तानी करेंगे। उनका पहला कार्यकाल विवादों के बीच समाप्त हुआ था और कानूनी मामले के कारण उन्हें निलंबन का सामना करना पड़ा था।
गिरफ्तारी
2022 में कप्तान थे लामिछाने
लामिछाने के पहले कप्तानी कार्यकाल की शुरुआत 2022 में हुई, लेकिन गिरफ्तारी वारंट जारी होने के बाद CAN ने उन्हें निलंबित कर दिया।
2023 में काठमांडू जिला अदालत ने उन्हें दुष्कर्म मामले में दोषी ठहराया। 2024 में पाटन हाई कोर्ट ने सबूतों की कमी का हवाला देते हुए उन्हें बरी कर दिया।
निलंबन के समय वह वनडे और टी-20 टीम के कप्तान थे। वनडे में उनकी कप्तानी में नेपाल ने 4 मैच जीते, 9 हारे और 1 मुकाबला टाई रहा।
खराब
बेहद खराब फॉर्म में चल रही है नेपाल क्रिकेट टीम
नेपाल की वनडे टीम इन दिनों खराब दौर से गुजर रही है। ICC क्रिकेट विश्व कप लीग-2 में टीम को लगातार 4 मुकाबलों में हार का सामना करना पड़ा और वह 8 टीमों की तालिका में वे 7वें स्थान पर है।
इसी कारण अनुभवी लामिछाने को कप्तान बनाया गया है। उन्होंने रोहित के कप्तान बनने से पहले 14 वनडे में टीम की अगुआई की थी।
रोहित के कार्यकाल में नेपाल ने 31 मैच जीते और 30 मुकाबलों में हार झेली।
लीग
लामिछाने कई प्रमुख लीग का रहे हैं हिस्सा
लामिछाने नेपाल के प्रमुख गेंदबाजों में शामिल हैं और अपनी स्पिन से टीम को लगातार अहम योगदान देते रहे हैं।
उनका सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन सितंबर 2021 में पापुआ न्यू गिनी के खिलाफ आया था, जब उन्होंने सिर्फ 11 रन देकर 6 विकेट चटकाए थे।
लामिछाने ने टी-20 क्रिकेट में भी अपनी खास पहचान बनाई है। वह इंडियन प्रीमियर लीग (IPL), PSL, BBL और CPL जैसी प्रमुख टी-20 लीग में अलग-अलग टीमों का प्रतिनिधित्व कर चुके हैं।
वनडे
लामिछाने के वनडे करियर पर एक नजर
लामिछाने ने अपना पहला वनडे मुकाबला साल 2018 में नीदरलैंड क्रिकेट टीम के खिलाफ खेला था।
उन्होंने अब तक 77 वनडे मुकाबलों की 75 पारियों में 19.92 की औसत से 154 विकेट लिए हैं। इस दौरान उन्होंने 9 बार 4 विकेट हॉल और 3 बार 5 विकेट हॉल अपने नाम किए हैं। उनका सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन 6/11 का रहा है।
लिस्ट-ए क्रिकेट में लामिछाने ने 101 मैचों की 99 पारियों में 19.67 की औसत से 200 विकेट चटकाए हैं।