साईराज बहुतुले अफगानिस्तान टेस्ट में होंगे भारत के स्पिन गेंदबाजी कोच
क्या है खबर?
भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व लेग स्पिनर सैराज बहुतुले को स्पिन गेंदबाजी कोच नियुक्त किया गया है। 53 वर्षीय बहुतुले 6 जून से अफगानिस्तान क्रिकेट टीम के खिलाफ शुरू होने वाले एकमात्र टेस्ट मैच से पहले भारतीय स्पिनरों के साथ काम करेंगे। ये अनुभवी कोच हाल ही में इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2026 में पंजाब किंग्स (PBKS) के स्पिन गेंदबाजी कोच की भूमिका निभा रहे थे। अब वह राष्ट्रीय टीम के स्पिन आक्रमण को और मजबूत बनाने की जिम्मेदारी संभालेंगे।
कोच
लगातार कोचिंग में सक्रिय हैं बहुतुले
भारत के लिए 2 टेस्ट और 8 वनडे मैच खेलने वाले बहुतुले घरेलू क्रिकेट के दिग्गज ऑलराउंडर रहे हैं। उन्होंने अपने करियर में 188 प्रथम श्रेणी मुकाबले खेले थे। क्रिकेट को अलविदा कहने के बाद से वह लगातार कोचिंग में सक्रिय हैं। वह घरेलू स्तर पर विदर्भ, केरल, बंगाल और गुजरात को कोचिंग दे चुके हैं। IPL में राजस्थान रॉयल्स (RR) और PBKS के स्पिन गेंदबाजी कोच के रूप में भी काम कर चुके हैं।
स्पिन
गौतम गंभीर के साथ काम करेंगे बहुतुले
बहुतुले ऐसे भारतीय सहयोगी स्टाफ से जुड़ेंगे, जिसमें फिलहाल कोई स्पिन गेंदबाजी कोच नहीं है। वह मुख्य कोच गौतम गंभीर, बल्लेबाजी कोच सितांशु कोटक, तेज गेंदबाजी कोच मोर्ने मोर्कल, फील्डिंग कोच टी दिलीप और सहायक कोच रयान टेन डोएशेट के साथ काम करेंगे। भारतीय टीम ने विश्व टेस्ट चैंपियनशिप (WTC) में अपने प्रदर्शन को और बेहतर बनाने के उद्देश्य से यह नियुक्ति की है। उम्मीद है कि बहुतुले के अनुभव से भारतीय स्पिन गेंदबाजों को फायदा मिलेगा।
कोचिंग
पहले भी भारतीय टीम के साथ रहे हैं बहुतुले
बहुतुले ने पहले भी कुछ मौकों पर सीनियर भारतीय टीम के साथ यात्रा की है। वह 2024 में भारतीय टीम के साथ श्रीलंका दौरे पर गए थे। इससे पहले वह नवंबर 2021 में इंडिया-A के साथ दक्षिण अफ्रीका का दौरा कर चुके हैं। वह वीवीएस लक्ष्मण की अगुवाई वाली BCCI के सेंटर ऑफ एक्सीलेंस में कार्यरत थे। ऐसे में उन्होंने हर स्तर पर कोचिंग का अच्छा खासा अनुभव हासिल किया है।
करियर
ऐसा रहा है बहुतुले का करियर
भारत के लिए 2 टेस्ट में 39 रन बनाने और 3 विकेट लेने वाले बहुतुले ने प्रथम श्रेणी क्रिकेट में 630 विकेट अपने नाम किए थे। दूसरी तरफ बल्लेबाजी में उन्होंने 6,176 रन भी बनाए थे। प्रथम श्रेणी करियर में बहुतले ने 9 शतक और 26 अर्धशतक लगाए थे। वनडे मैचों में 23 रन बनाने और 2 विकेट लेने वाले बहुतुले ने 143 लिस्ट-ए मैचों में 197 विकेट हासिल किए और 1,367 रन भी बनाए थे।