LOADING...
दक्षिण अफ्रीका में खेले गए भारत के यादगार टेस्ट पर एक नजर
26 दिसंबर से शुरू होगी टेस्ट सीरीज

दक्षिण अफ्रीका में खेले गए भारत के यादगार टेस्ट पर एक नजर

Dec 21, 2021
05:45 pm

क्या है खबर?

भारतीय क्रिकेट टीम इस समय दक्षिण अफ्रीका दौरे पर है, जहां 26 दिसंबर से दोनों देशों के बीच टेस्ट सीरीज की शुरुआत होनी है। भारतीय टीम अब तक दक्षिण अफ्रीका की जमीं पर कोई टेस्ट सीरीज नहीं जीत सका है, ऐसे में विराट कोहली की अगुवाई में टीम इस बार हर हाल में इतिहास बदलना चाहेगी। इस बीच दक्षिण अफ्रीका की सरजमीं पर खेले गए यादगार टेस्ट पर एक नजर डालते हैं।

2006-07

जोहान्सबर्ग में राहुल द्रविड़ की कप्तानी में भारत ने रचा इतिहास

भारत ने दक्षिण अफ्रीका की जमीं पर अपना पहला टेस्ट दिसंबर 2006 में जीता था। भारत ने प्रोटियाज टीम को 278 रन पर ऑलआउट करके 123 रन से जीत हासिल की थी। जोहान्सबर्ग में खेले गए उस टेस्ट में भारत से एस श्रीसंत ने आठ विकेट लिए थी। उस मुकाबले में सौरव गांगुली ने भी 51* रन की महत्वपूर्ण पारी के साथ अंतरराष्ट्रीय स्तर पर वापसी की थी। राहुल द्रविड़ दक्षिण अफ्रीका में टेस्ट जीतने वाले पहले भारतीय कप्तान बने थे।

2010-11

लक्ष्मण ने खेली 96 रनों की पारी

भारत ने 2010-11 के दौरे में एमएस धोनी के नेतृत्व में दक्षिण अफ्रीका में अपनी दूसरी टेस्ट जीत हासिल की थी। भारत ने वो टेस्ट 87 रनों से जीता था। डरबन में खेले गए उस टेस्ट में भारत ने पहली पारी में 205 रन बनाकर प्रोटियाज टीम को 131 पर ढेर कर दिया था। दूसरी पारी में वीवीएस लक्ष्मण ने 96 रन बनाकर भारत को 228 रनों पर पहुंचाया और मेजबान टीम सिर्फ 215 पर ही सिमट गई थी।

Advertisement

2017-18

कोहली की कप्तानी में जोहान्सबर्ग में जीता भारत

2017-18 के दौरे पर कोहली की कप्तानी में भारत को शुरुआती दो टेस्ट में शिकस्त मिली थी। सीरीज गंवाने के बाद भारत ने तीसरे जोहान्सबर्ग टेस्ट में 63 रन से जीत हासिल की। उस टेस्ट को जिताने में भारतीय गेंदबाजों की अहम भूमिका रही थी। दक्षिण अफ्रीका की पहली पारी में जसप्रीत बुमराह ने पांच विकेट लिए थे। वहीं 241 रनों का पीछा करते हुए प्रोटियाज टीम की दूसरी पारी को 177 पर समेटने में शमी की भूमिका रही थी।

Advertisement

2013-14

जब दक्षिण अफ्रीका एक रोमांचक जीत से चूक गया

दिसंबर 2013 में दक्षिण अफ्रीका जोहान्सबर्ग में एक ऐतिहासिक टेस्ट जीत दर्ज करने से चूक गया। फाफ डु प्लेसिस (134) और एबी डिविलियर्स (103) ने दक्षिण अफ्रीका को लगभग जीत की दहलीज तक पंहुचा दिया था। जीत के लिए मिले 458 रनों का पीछा करते हुए प्रोटियाज दोनों टीम पांचवे दिन के खेल की समाप्ति तक 450/7 तक ही पहुंच सका था और मैच ड्रा पर समाप्त हुआ था। यह दक्षिण अफ्रीका का सबसे सफल रन चेज हो सकता था।

जानकारी

न्यूजबाइट्स प्लस (फैक्ट)

अब तक भारत ने दक्षिण अफ्रीका की जमीं पर कुल 20 टेस्ट खेले हैं, जिसमें मेहमान टीम ने सिर्फ तीन में जीत दर्ज की है। दूसरी तरफ प्रोटियाज टीम ने 10 घरेलू टेस्ट में भारत को हराया है। वहीं सात टेस्ट ड्रा रहे हैं।

Advertisement