LOADING...
वैभव सूर्यवंशी को क्यों नहीं मिला डेब्यू का मौका? रायन टेन डोएस्केट दिया अहम बयान
वैभव सूर्यवंशी के डेब्यू पर सहायक कोच रायन टेन डोएस्केट ने अहम बयान दिया है

वैभव सूर्यवंशी को क्यों नहीं मिला डेब्यू का मौका? रायन टेन डोएस्केट दिया अहम बयान

Jun 29, 2026
11:04 am

क्या है खबर?

भारतीय क्रिकेट टीम के सहायक कोच रायन टेन डोएस्केट ने 15 वर्षीय वैभव सूर्यवंशी के भारतीय टीम के डेब्यू को लेकर अहम बयान दिया है। उन्होंने कहा कि सूर्यवंशी को धैर्य रखना चाहिए और अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में डेब्यू के लिए अभी और इंतजार करना चाहिए। बता दें कि सूर्यवंशी को इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2026 में शानदार प्रदर्शन के बाद भारतीय टीम में चुना गया था। उन्होंने 16 पारियों में 776 रन बनाकर ऑरेंज कैप पर कब्जा जमाया था।

प्रतिक्रिया

सूर्यवंशी के चयन पर डोएस्केट की प्रतिक्रिया

आयरलैंड के खिलाफ 2-0 से सीरीज हार के बाद डोएस्केट ने कहा, "सूर्यवंशी अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट के लिए पूरी तरह तैयार हैं, लेकिन खिलाड़ियों को आत्मविश्वास देना और टीम में लंबा मौका देना महत्वपूर्ण है। मुझे लगता है कि संजू सैमसन को बाहर करने का सवाल ही नहीं उठता। वह खिलाड़ी जिसने 3 महीने पहले भारत को टी-20 विश्व कप 2026 जिताने में अहम भूमिका निभाई और IPL में भी शानदार प्रदर्शन किया। ऐसे में सूर्यवंशी को अभी इंतजार करना चाहिए।"

दृष्टिकोण

सूर्यवंशी के चयन पर कैसा है टीम प्रबंधन का दृष्टिकोण?

डोएस्केट ने कहा, "इंग्लैंड में होने वाली टी-20 सीरीज और एशियाई खेलों के लिए टीम प्रबंधन का सूर्यवंशी को प्लेइंग इलेवन में शामिल करने का फैसला मौजूदा शीर्ष क्रम के बल्लेबाजों के प्रदर्शन पर निर्भर करता है।" उन्होंने कहा, "सूर्यवंशी पूरी तरह से तैयार हैं और हम और आप उन्हें खेलते देखने के लिए काफी उत्साहित हैं, लेकिन उन्हें भी बाकी सभी की तरह ही प्रक्रिया से गुजरना होगा और धैर्य के साथ अपनी बारी का इंतजार करना होगा।"

Advertisement

सुझाव

अश्विन ने सूर्यवंशी को डेब्यू का इंतजार करने का सुझाव दिया

पूर्व भारतीय क्रिकेटर रविचंद्रन अश्विन ने भी इस मामले पर अपनी राय देते हुए सूर्यवंशी को अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में डेब्यू के लिए धैर्य रखने को कहा है। उन्होंने सुझाव दिया कि इस युवा प्रतिभाशाली खिलाड़ी को जिम्बाब्वे दौरे के दौरान पदार्पण करना चाहिए, जब मौजूदा सलामी बल्लेबाज उपलब्ध नहीं होंगे। उन्होंने कहा कि सूर्यवंशी योग्यता के आधार पर टीम में जगह पाने के हकदार हैं, लेकिन मौजूदा खिलाड़ियों की फॉर्म या फिटनेस की कीमत पर नहीं।

Advertisement