
IPL 2025: RCB ने CSK को रोमांचक मुकाबले में 2 रन से हराया, ये बने रिकॉर्ड्स
क्या है खबर?
इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2025 के 52वें मैच में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) ने चेन्नई सुपरकिंग्स (CSK) को 2 रन से हराते हुए अपनी 8वीं जीत दर्ज की।
एम चिन्नास्वामी स्टेडियम में हुए मैच में RCB ने पहले खेलते हुए 213/5 का स्कोर बनाया था। जवाब में CSK की टीम 211/5 का स्कोर ही बना पाई।
CSK इस संस्करण 9वां मुकाबला हारी है। आइए मैच में बने रिकॉर्ड्स पर एक नजर डालते हैं।
लेखा-जोखा
मैच का लेखा-जोखा
CSK ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया। उनका ये फैसला गलत साबित हुआ।
जैकब बेथेल (55), विराट कोहली (62) और रोमारियो शेफर्ड (53) की पारियों के दम पर RCB ने 213/5 का स्कोर बनाया।
जवाब में CSK के लिए आयुष म्हात्रे (94) और रविंद्र जडेजा (77) ने शानदार पारियां खेली। हालांकि, वह टीम को जीत नहीं दिला पाए। इस संस्करण RCB ने CSK को दूसरी बार हराया। पहले मैच में उसे 50 रन से जीत मिली थी।
अर्धशतक
कोहली के बल्ले से निकला शानदार अर्धशतक
कोहली अपनी पारी में 33 गेंदों में 5 चौके और 5 छक्कों की मदद से 62 रन बनाकर आउट हुए। उनकी स्ट्राइक रेट 187.88 की रही।
यह उनके IPL करियर का 62वां और इस संस्करण का 7वां अर्धशतक रहा।
IPL 2025 में कोहली का प्रदर्शन काफी शानदार रहा है। उन्होंने अब तक 11 पारियों में 63.13 की औसत और 143.46 की स्ट्राइक रेट से 505 रन बना लिए हैं। इस समय उन्होंने ऑरेंज कैप पर कब्जा कर रखा है।
छक्का
RCB के लिए कोहली ने पूरे किए 300 छक्के
कोहली ने अपनी इस पारी के दौरान RCB के लिए 300 छक्के भी पूरे कर लिए। उन्होंने RCB के लिए कुल 304 छक्के जड़े हैं, जिसमें IPL में 290 और चैंपियंस लीग टी-20 (CLT20) में 14 छक्के हैं।
इस सूची में वेस्टइंडीज के पूर्व बल्लेबाज क्रिस गेल दूसरे पायदान पर हैं। उन्होंने RCB के लिए 263 छक्के जड़े हैं।
इनमें IPL में 239 और CLT20 में 24 छक्के हैं। एबी डिविलियर्स तीसरे नंबर पर हैं, जिन्होंने 248 छक्के जड़े हैं।
जानकारी
कोहली ने ये बड़ा रिकॉर्ड भी किया अपने नाम
कोहली अब क्रिकेट इतिहास में एक टीम के लिए 300 छक्के जड़ने वाले पहले खिलाड़ी बन गए हैं। अन्य कोई बल्लेबाज 280 छक्के भी नहीं जड़ पाया है। कोहली ने यह रिकॉर्ड IPL में पिछले 18 सालों से RCB के लिए खेलते हुए बनाया है।
अर्धशतक
बेथेल ने जड़ा IPL करियर का पहला अर्धशतक
बेथेल ने अपने IPL करियर का पहला अर्धशतक CSK के खिलाफ जड़ा। उन्होंने केवल 28 गेंदों में अपना पचासा पूरा किया।
बेथेल अपनी पारी में 33 गेंदों में 166.67 की स्ट्राइक रेट से बल्लेबाजी करते हुए 8 चौके और 2 छक्कों की मदद से 55 रन बनाकर मथिसा पथिराना का शिकार बने।
बेथेल ने इसी संस्करण IPL में डेब्यू किया है। वह कुल 2 पारियों में 62 रन बनाने में सफल रहे हैं।
धमाकेदार
शेफर्ड ने खेली धमाकेदार पारी
शेफर्ड ने 14 गेंदों का सामना किया और 53 रन बनाए। उनके बल्ले से 4 चौके और 6 छक्के निकले। उनकी स्ट्राइक रेट 378.57 की रही।
उन्होंने टिम डेविड के साथ मिलकर 15 गेंदों में 56 रन की साझेदारी निभाई। इन रनों में डेविड का योगदान 1 रन का था।
शेफर्ड के IPL करियर का यह पहला अर्धशतक रहा। उन्होंने खलील अहमद के 1 ओवर में 33 रन जड़े। यह IPL का संयुक्त रूप से दूसरा सबसे तेज अर्धशतक रहा।
तेज
IPL में सबसे तेज अर्धशतक जड़ने वाले बल्लेबाज
IPL में सबसे तेज अर्धशतक बनाने का रिकॉर्ड यशस्वी जायसवाल के नाम है। उन्होंने सिर्फ 13 गेंदों में कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) के खिलाफ अर्धशतक लगा दिया था।
केएल राहुल और पैट कमिंस ने भी IPL में 14-14 गेंदों पर अर्धशतक लगा चुके हैं।
राहुल ने यह पारी दिल्ली कैपिटल्स (DC) के खिलाफ खेली थी। कमिंस के बल्ले से ये रन मुंबई इंडियंस (MI) के खिलाफ निकले थे। शेफर्ड का इससे पहले सर्वश्रेष्ठ स्कोर 39* रन था।
शतक
म्हात्रे ने खेली शानदार पारी
म्हात्रे ने 48 गेंदों का सामना किया और 94 रन बनाए। उनके बल्ले से 9 चौके और 5 छक्के निकले। उनकी स्ट्राइक रेट 195.83 की रही।
उन्होंने जडेजा के साथ मिलकर 64 गेंदों में 114 रन की साझेदारी निभाई। यह उनके IPL करियर का पहला अर्धशतक रहा।
म्हात्रे ने 20 अप्रैल, 2025 को मुंबई इंडियंस (MI) के खिलाफ IPL डेब्यू किया था। वह 4 पारियों में 23 की औसत और 185.23 की स्ट्राइक रेट से 163 रन बना चुके हैं।
जानकारी
आयुष ने तोड़ा महेंद्र सिंह धोनी का बड़ा रिकॉर्ड
आयुष ने CSK के लिए एम चिन्नास्वामी स्टेडियम में सबसे बड़ा स्कोर बनाया। उन्होंने महेंद्र सिंह धोनी का रिकॉर्ड तोड़ा। धोनी ने इस मैदान पर IPL 2019 में 84* रन की पारी खेली थी। डेवोन कॉनवे 83 रन के साथ तीसरे स्थान पर हैं।
ऑलराउंडर
जडेजा नहीं दिला पाए CSK को जीत
जडेजा ने मैच में 45 गेंदों का सामना किया और 77 रन बनाए। उनके बल्ले से 8 चौके और 2 छक्के निकले। उनकी स्ट्राइक रेट 171.11 की रही। यह उनके IPL करियर का सर्वश्रेष्ठ स्कोर रहा।
उन्होंने अपने IPL करियर का 5वां अर्धशतक लगाया। उन्होंने इस संस्करण 11 मुकाबले खेले हैं। इसकी 11 पारियों में 137.56 की स्ट्राइक रेट से 260 रन बनाए हैं।
उनके बल्ले से IPL 2025 में 2 अर्धशतक निकले हैं।
अंक तालिका
प्लेऑफ के बेहद करीब पहुंची RCB
RCB की टीम अब अंक तालिका में 16 अंकों के साथ पहले स्थान पर है। उन्होंने अपने पिछले 4 मुकाबले जीते हैं। वह प्लेऑफ के बेहद करीब पहुंच गई है।
CSK 9 हार के साथ अंक तालिका में 10वें स्थान पर हैं। उसे इस संस्करण सिर्फ 2 मुकाबलों में जीत मिली है।
दूसरे स्थान पर 14 अंक के साथ मुंबई इंडियंस (MI) है। तीसरे स्थान पर गुजरात टाइटंस (GT) है।