Page Loader
रोमारियो शेफर्ड IPL इतिहास में 20वें ओवर में दूसरे सर्वाधिक रन बनाने वाले बल्लेबाज बने
रोमारियो शेफर्ड ने IPL में अपने नाम किया बड़ा रिकॉर्ड (तस्वीर: एक्स/@IPL)

रोमारियो शेफर्ड IPL इतिहास में 20वें ओवर में दूसरे सर्वाधिक रन बनाने वाले बल्लेबाज बने

Apr 07, 2024
06:00 pm

क्या है खबर?

इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2024 के 20वें मुकाबले में मुंबई इंडियंस (MI) के बल्लेबाज रोमारियो शेफर्ड ने दिल्ली कैपिटल्स (DC) के खिलाफ 10 गेंदों में 39 रन की तूफानी पारी खेली। उन्होंने पारी के 20वें ओवर में 32 रन बटोरे। इसके साथ ही वह IPL इतिहास में 20वें ओवर में दूसरे सर्वाधिक रन बनाने वाले बल्लेबाज बन गए हैं। इस दौरान उनकी स्ट्राइक रेट 390 की रही। आइए उनकी पारी और आंकड़े जानते हैं।

बल्लेबाजी

शेफर्ड ने आखिरी ओवर में इस तरह बटोरे 32 रन

शेफर्ड ने DC से 20वां ओवर लाए एनरिक नोर्खिया की पहली गेंद पर चौका जड़ते हुए ओवर की शुरुआत की। उन्होंने दूसरी, तीसरी और चौथी गेंद पर लगातार 3 छक्के जड़े, 5वीं गेंद पर उन्होंने चौका और आखिरी गेंद पर फिर से छक्का जड़ते हुए 32 रन बटोर लिए। वह 10 गेंदों में 3 चौके और 4 छक्कों की मदद से 39 रन बनाकर नाबाद रहे। IPL में 20वें ओवर में सर्वाधिक रन रविंद्र जडेजा (36) ने बटोरे हैं।

जानकारी

शेफर्ड ने बनाया एक पारी में सर्वाधिक स्ट्राइक रेट का रिकॉर्ड

शेफर्ड ने कम से कम 10 गेंद की पारी में सर्वाधिक स्ट्राइक रेट (390) का रिकॉर्ड भी अपने नाम कर लिया है। उनसे पहले यह रिकॉर्ड पैट कमिंस के नाम था, जिन्होंने 373.33 की स्ट्राइक रेट से 15 गेंद में 56 रन बनाए थे।

करियर

कैसा रहा है शेफर्ड का IPL करियर?

शेफर्ड ने साल 2022 में राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ अपने IPL करियर का आगाज किया था। वह अब तक 6 मैच की 6 पारियों में 37.33 की औसत और 193.10 की स्ट्राइक रेट से 112 रन बना चुके हैं। उनका सर्वश्रेष्ठ स्कोर भी इसी मैच में आया है। इसके अलावा वह 4 पारियों में गेंदबाजी करते हुए 3 विकेट भी चटका चुके हैं। उनका सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन 2/42 विकेट का रहा है। आगामी मैचों में उनकी भूमिका अहम रहेगी।