LOADING...
टी-20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट के इतिहास में रोहित शर्मा द्वारा बनाए गए रिकॉर्ड्स पर एक नजर 
रोहित शर्मा का विश्व कप में प्रदर्शन कमाल का रहा (तस्वीर: एक्स/@ICC)

टी-20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट के इतिहास में रोहित शर्मा द्वारा बनाए गए रिकॉर्ड्स पर एक नजर 

Jun 30, 2024
12:56 pm

क्या है खबर?

भारतीय क्रिकेट टीम के कप्तान रोहित शर्मा ने टी-20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास ले लिया है। रोहित टी-20 विश्व कप जीतने वाले महेंद्र सिंह धोनी के बाद सिर्फ दूसरे कप्तान बने हैं। दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ 7 रन से मिली जीत के बाद रोहित ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में संन्यास की घोषणा की। यह खिलाड़ी टी-20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज भी है। ऐसे में आइए उनके शानदार रिकॉर्ड्स पर एक नजर डालते हैं।

साझेदारी

सबसे बड़ी साझेदारी 

भारत और अफगानिस्तान क्रिकेट टीम के बीच इस साल टी-20 सीरीज खेली गई थी। सीरीज के आखिरी मुकाबले में 2 सुपर ओवर हुए थे। भारत ने आखिरकार मैच में जीत हासिल की थी। ​​ मैच में रोहित (121*) और रिंकू सिंह (69*) के बीच 190 रनों की नाबाद साझेदारी ने भारत को 22/4 के स्कोर से उबारा था। यह टी-20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में किसी भी विकेट के लिए भारत के लिए की गई अब तक की सबसे बड़ी साझेदारी है।

शतक

कप्तान के तौर पर संयुक्त रूप से सबसे ज्यादा शतक 

अफगानिस्तान के खिलाफ उस मुकाबले में रोहित ने टी-20 अंतरराष्ट्रीय करियर का अपना 5वां शतक लगाया था। उन्होंने अपना सर्वश्रेष्ठ स्कोर (121*) भी उसी मुकाबले में बनाया था। वह टी-20 अंतरराष्ट्रीय में कप्तान के तौर पर 2 या उससे ज्यादा शतक जड़ने वाले सिर्फ दूसरे कप्तान बने थे। उन्होंने पाकिस्तान के कप्तान बाबर आजम की बराबरी की थी। टेस्ट खेलने वाले अन्य देशों का कोई भी कप्तान टी-20 अंतरराष्ट्रीय में यह उपलब्धि हासिल नहीं कर पाया है।

Advertisement

कप्तान

कप्तान के तौर पर सबसे ज्यादा छक्के 

रोहित टी-20 अंतरराष्ट्री क्रिकेट में 200 से ज्यादा छक्के लगाने वाले इकलौते बल्लेबाज हैं। उन्होंने कुल 205 छक्के लगाए हैं। रोहित के इनमें से 105 छक्के भारत की कप्तानी करते हुए आए हैं, जो इस प्रारूप में कप्तान के तौर पर किसी खिलाड़ी द्वारा लगाए गए सबसे ज्यादा छक्के भी हैं। इस मामले में किसी और खिलाड़ी के नाम 100 से ज्यादा छक्के नहीं हैं, रोहित के बाद इंग्लैंड के पूर्व कप्तान इयोन मोर्गन (86) हैं।

Advertisement

कप्तान

कप्तान के तौर पर सबसे ज्यादा रन 

16 साल से ज्यादा के करियर में रोहित ने 4,231 रन बनाए, जो किसी बल्लेबाज द्वारा बनाए गए सबसे ज्यादा रन हैं। हिटमैन ने भारत की कप्तानी करते हुए 1,905 रन बनाए। ये इस प्रारूप में किसी भारतीय कप्तान द्वारा बनाए गए सबसे ज्यादा रन हैं। इस साल की शुरुआत में उन्होंने विराट कोहली के 1,570 रनों के रिकॉर्ड को तोड़ा था। महेंद्र सिंह धोनी भारतीय कप्तान के तौर पर 1,000 से ज्यादा रन बनाने वाले एकमात्र अन्य खिलाड़ी हैं।

टी-20

टी-20 विश्व कप में दूसरे सबसे ज्यादा रन बनाने वाले खिलाड़ी 

रोहित ने साल 2007 में पहला टी-20 विश्व कप खेला था। वह अब तक खेले गए सभी टी-20 विश्व कप में भारतीय टीम का हिस्सा रहे। उन्होंने 47 मैच की 44 पारियों में 34.85 की औसत से 1,220 रन बनाए। उनकी स्ट्राइक रेट 133.04 की रही। उनके बल्ले से 12 अर्धशतक निकले। वह 9 बार नाबाद भी रहे। रोहित कोहली (1,292) के बाद टी-20 विश्व कप में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज भी हैं।

भारतीय

टी-20 विश्व कप 2024 में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले भारतीय 

रोहित टी-20 विश्व कप 2024 में भारत के लिए सबसे ज्यादा रन बनाने वाले खिलाड़ी रहे। उन्होंने 8 मैच में 1 बार नाबाद रहते हुए 257 रन बनाए। उनकी स्ट्राइक रेट 156.70 की रही। उनके बल्ले से 3 अर्धशतक निकले। उनका सर्वश्रेष्ठ स्कोर 92 रन रहा। इस विश्व कप में उनसे ज्यादा रन सिर्फ रहमानुल्लाह गुरबाज (281) ने बनाए। रोहित को छोड़ इस विश्व कप में भारत के लिए कोई भी बल्लेबाज 200 रन भी नहीं बना पाया।

Advertisement