रोहित शर्मा बतौर सलामी बल्लेबाज 10,000 वनडे रन बनाने वाले चौथे खिलाड़ी बने, बनाया अहम रिकॉर्ड
क्या है खबर?
भारतीय क्रिकेट टीम के सलामी बल्लेबाज रोहित शर्मा ने वेस्टइंडीज के खिलाफ तीसरे वनडे के दौरान अहम उपलब्धि हासिल की। दरअसल, उन्होंने सलामी बल्लेबाज के तौर पर वनडे प्रारूप में अपने 10,000 रन पूरे किए। वह सबसे कम पारियों में इस आंकड़े को छूने वाले बल्लेबाज बने। वह भारत की ओर से सचिन तेंदुलकर के बाद 10,000 रन बनाने वाले दूसरे सलामी बल्लेबाज बने। आइए उनके द्वारा बनाए रिकॉर्ड्स पर एक नजर डालते हैं।
आंकड़े
सबसे कम पारियों में 10,000 रन वाले सलामी बल्लेबाज
रोहित ने सलामी बल्लेबाज के तौर पर 202 पारियों में अपने 10,000 रन पूरे किए। उन्होंने सबसे तेज इस आंकड़े को छूने के तेंदुलकर के पिछले रिकॉर्ड को तोड़ा।
बता दें कि तेंदुलकर ने 214 पारियों में ये मुकाम हासिल किया था।
वेस्टइंडीज के क्रिस गेल और श्रीलंका के सनथ जयसूर्या भी बतौर सलामी बल्लेबाज 10,000+ रन बना चुके थे।
गेल ने 268 पारियों में और जयसूर्या ने 303 पारियों में ये आंकड़ा पार किया था।
आंकड़े
हाल ही में रोहित ने पूरे किए थे 12,000 वनडे रन
रोहित ने सीरीज के दूसरे वनडे के दौरान अपने 12,000 रन पूरे किए थे।
वह तेंदुलकर, कोहली, कुमार संगाकारा, रिकी पोंटिंग, सनथ जयसूर्या और महेला जयवर्धने के बाद ये आंकड़ा छूने वाले 7वें बल्लेबाज बने थे।
रोहित ने अपने बेमिसाल वनडे करियर की 282 पारियों में 12,000 रन पूरे किए।
क्रिकइंफो के मुताबिक, वह कोहली (242 पारियों) के बाद इस आंकड़े को छूने वाले दूसरे सबसे तेज भारतीय बल्लेबाज बने।