
भारतीय कप्तान रोहित शर्मा दूसरी बार बने पिता, पत्नी ने बेटे को दिया जन्म
क्या है खबर?
भारतीय क्रिकेट टीम के कप्तान रोहित शर्मा दूसरी बार पिता बने हैं। खबरों के मुताबिक, उनकी पत्नी रितिका सजदेह ने बेटे को जन्म दिया है।
बता दें कि रोहित बॉर्डर-गावस्कर ट्रॉफी के लिए भारतीय टीम के साथ ऑस्ट्रेलिया की उड़ान नहीं भर पाए थे।
अब ऐसी भी संभावना है कि वह जल्द ही ऑस्ट्रेलिया रवाना हो सकते हैं। ऐसे में भारतीय टीम के प्रशंसकों के लिए यह बड़ी सुखद खबर है।
रिपोर्ट
15 नवंबर को पिता बने रोहित
हिंदुस्तान टाइम्स के मुताबिक, रोहित 15 नवंबर को पिता बने हैं।
भारतीय टीम को ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ 22 नवंबर से टेस्ट सीरीज खेलनी है, ऐसे में संभावना है कि रोहित पर्थ टेस्ट के लिए उपलब्ध हो सकते हैं।
हालांकि, इस पर अब तक कोई आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है।
भारतीय टीम के प्रमुख कोच गौतम गंभीर पहले ही स्पष्ट कर चुके हैं कि अगर रोहित पहले टेस्ट के लिए उपलब्ध नहीं होते हैं तो जसप्रीत बुमराह कप्तान होंगे।
परिवार
पहले से एक बेटी के पिता हैं रोहित
रोहित और रितिका की शादी 13 दिसंबर, 2015 को हुई थी।
इसके बाद 30 दिसंबर, 2018 को को उनके घर बेटी समायरा को जन्म हुआ था, जो अब 5 साल की हो चुकी है।
बता दें, भारतीय खिलाड़ी केएल राहुल भी जल्द पिता बनाने वाले हैं। उन्होंने अपनी पत्नी और बॉलीवुड अभिनेत्री अथिया शेट्टी के साथ हाल ही में यह घोषणा की थी।
इसी साल जनवरी में विराट कोहली और उनकी पत्नी अनुष्का शर्मा भी दूसरी बार माता-पिता बने थे।
आंकड़े
जल्द जा सकते हैं ऑस्ट्रेलिया
टेस्ट सीरीज के लिए रोहित जल्द ऑस्ट्रेलिया रवाना होंगे।
वे 3 बार ऑस्ट्रेलिया का दौरा कर चुके हैं। भारतीय सलामी बल्लेबाज ने ऑस्ट्रेलिया में अब तक 7 टेस्ट खेले हैं, जिसमें 31.38 की औसत से 408 रन बनाए हैं।
इस बीच उन्होंने नाबाद 63 रन के सर्वोच्च स्कोर के साथ 3 अर्धशतक लगाए हैं।
रोहित ने 2021 के अपने आखिरी ऑस्ट्रेलियाई दौरे में 2 टेस्ट में 129 रन बनाए थे।