रॉबिन उथप्पा ने MI का बल्लेबाजी कोच बनने पर दिया अहम बयान, जानिए क्या कहा
क्या है खबर?
भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व बल्लेबाज रॉबिन उथप्पा को इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2027 से पहले 5 बार की चैंपियन टीम मुंबई इंडियंस (MI) का नया बल्लेबाजी कोच नियुक्त किया गया है। किरोन पोलार्ड की अगुवाई वाले कोचिंग सेटअप में शामिल हुए उथप्पा का कहना है कि वे लंबे समय से IPL में कोचिंग की भूमिका निभाने की इच्छा रखते थे, लेकिन MI का यह प्रस्ताव उनके लिए बेहद चौंकाने वाला और अप्रत्याशित रहा है।
बयान
MI के प्रस्ताव पर उथप्पा ने क्या दिया बयान?
क्रिकबज से बातचीत में उथप्पा ने कहा, "मुंबई इंडियंस का यह प्रस्ताव बिल्कुल अप्रत्याशित था। मुझे इसकी बिल्कुल उम्मीद नहीं थी। हालांकि, मेरी दिलचस्पी जरूर थी। मैं उम्मीद कर रहा था कि किसी समय मुझे किसी फ्रेंचाइजी के साथ काम करने के लिए कॉल आएगा, क्योंकि मुझे लगता था कि मैं काफी योगदान दे सकता हूं।"
उन्होंने आगे कहा, "मुझे लगता है कि इतने वर्षों तक IPL में खेलने से जो अनुभव मिला है, वह एक बड़ी पूंजी है।"
रणनीति
MI के दिग्गज खिलाड़ियों को कोचिंग देने की रणनीति
MI में उथप्पा को रोहित शर्मा, सूर्यकुमार यादव और तिलक वर्मा जैसे स्थापित और विश्व कप विजेता खिलाड़ियों के साथ काम करना होगा।
इस पर उन्होंने कहा, "स्थापित क्रिकेटरों के रूप में, सोच में स्पष्टता जरूरी है। जो लंबे समय से इस खेल में है, वह जानता है कि कोई भी क्रिकेट से ऊपर नहीं हो सकता। आप चाहे कितने भी बड़े खिलाड़ी बन जाएं, एक एथलीट के तौर पर आप टूर्नामेंट शुरू होने से पहले हमेशा स्पष्टता चाहते हैं।"
अहंकार
खिलाड़ियों में कोई अहंकार नहीं- उथप्पा
उथप्पा ने कहा, "स्थापित खिलाड़ियों को कई चीजों की जरूरत होती है। कोच के रूप में हम यह सुनिश्चित करते हैं कि प्रदर्शन के लिए तैयार महसूस करने के लिए उन्हें वह सब कुछ मिले जिसकी उन्हें आवश्यकता है। वे खुद को विश्व कप चैंपियन या 5 बार खिताब जीतने वाले कप्तान के रूप में नहीं देखते हैं। कोई भी व्यक्तिगत क्रिकेटर यह नहीं सोचता कि मैं विश्व कप विजेता कप्तान हूं। हर कोई बेहद विनम्र है।"
विचार
मौजूदा खिलाड़ियों पर क्या है उथप्पा की राय?
उथप्पा ने टीम के मौजूदा खिलाड़ियों पर कहा, "मुझे लगता है कि मौजूदा टीम में पहले से बहुत प्रतिभा है। यह साबित करने के लिए पर्याप्त से अधिक टैलेंट है कि ये खिलाड़ी अनमोल हैं। वे असाधारण प्रदर्शन करने में सक्षम हैं। यह इस बात पर निर्भर करता है कि आप मौजूदा खिलाड़ियों के साथ किस तरह की बातचीत करते हैं।"
आगामी सीजन पर उन्होंने कहा, "मुंबई इंडियंस के रूप में हम खुद को अंडरडॉग (कमजोर दावेदार) महसूस करते हैं।"
सफर
रॉबिन उथप्पा का करियर और कोचिंग सफर
भारत के लिए 46 वनडे और 13 टी-20 अंतरराष्ट्रीय मैच खेलने वाले उथप्पा 2008 के पहले IPL सीजन में MI टीम का हिस्सा थे।
दूसरे सीजन से पहले उन्हें जहीर खान के बदले रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) में ट्रेड किया गया था।
इसके बाद वे KKR (2012 चैंपियन), राजस्थान रॉयल्स, चेन्नई सुपरकिंग्स (2021 चैंपियन) और पुणे वॉरियर्स के लिए खेले और कुल 205 IPL मैच खेले। वह वर्तमान में दुबई में खिलाड़ियों को व्यक्तिगत कोचिंग दे रहे हैं।