Page Loader
SENA देशों में सर्वाधिक रन बनाने वाले एशियाई विकेटकीपर बल्लेबाजों पर एक नजर 
ऋषभ पंत इस सूची में पहले स्थान पर आ गए हैं (तस्वीर: एक्स/@BCCI)

SENA देशों में सर्वाधिक रन बनाने वाले एशियाई विकेटकीपर बल्लेबाजों पर एक नजर 

Jun 22, 2025
02:11 pm

क्या है खबर?

तेज और उछाल भरी पिचों के लिए मशहूर SENA देशों (दक्षिण अफ्रीका, इंग्लैंड, न्यूजीलैंड और ऑस्ट्रेलिया) में एशियाई बल्लेबाजों के लिए रन बनाना हमेशा बड़ी चुनौती रहा है। ऐसे में अगर कोई विकेटकीपर बल्लेबाज रन बनाता है तो उसका प्रदर्शन और भी खास माना जाता है। आइए उन विकेटकीपर बल्लेबाजों पर नजर डालते हैं, जिन्होंने इन देशों में सबसे ज्यादा रन बनाए हैं। पहले टेस्ट में शतक जड़ने के बाद ऋषभ पंत सूची में पहले स्थान पर आ गए हैं।

#1

ऋषभ पंत (1,815 रन) 

इस सूची में पहले स्थाान पर अब पंत का नाम है। उन्होंने SENA देशों में 27 टेस्ट खेले हैं और इसकी 49 पारियों में 3 बार नाबाद रहते हुए 39.45 की औसत से 1,815 रन बनाए हैं। उनके बल्ले से 5 शतक और 5 अर्धशतक निकले हैं। उनका सर्वश्रेष्ठ स्कोर 159* रन रहा है। उन्होंने यह पारी ऑस्ट्रेलिया की धरती पर खेली थी। इन 4 देशों में से पंत ने सर्वाधिक 879 रन ऑस्ट्रेलिया की सरजमीं पर बनाए हैं।

#2

महेंद्र सिंह धोनी (1,731 रन) 

इस सूची में दूसरे स्थान पर महेंद्र सिंह धोनी का नाम आता है। उन्होंने SENA देशों में कुल 32 टेस्ट मैचों की 60 पारियों में बल्लेबाजी की, जिनमें 5 बार नाबाद रहते हुए 1,731 रन बनाए। उनकी औसत 31.47 की रही। उनके बल्ले से इन देशों में एक भी शतक नहीं निकल पाया था। हालांकि, उन्होंने 13 अर्धशतक जरूर लगाए थे। उन्होंने इन चार देशों में सबसे ज्यादा 778 रन इंग्लैंड की धरती पर बनाए थे।

#3

फारुख इंजीनियर (1,099 रन) 

तीसरे स्थान पर पूर्व दिग्गज खिलाड़ी रहे फारूक इंजीनियर का नाम आता है। उन्होंने SENA देशों में कुल 17 टेस्ट खेले और उनकी 33 पारियों में 2 बार नाबाद रहते हुए 35.45 की औसत से 1,099 रन बनाए। उनके बल्ले से शतक तो एक भी नहीं निकला, लेकिन उन्होंने 7 अर्धशतक जरूर जड़े थे। उनका सर्वश्रेष्ठ स्कोर 89 रन रहा था, जो उन्होंने ऑस्ट्रेलिया की धरती पर बनाया था। इन 4 देशों में वह दक्षिण अफ्रीका में नहीं खेले थे।

#4

मोहम्मद रिजवान (863 रन) 

चौथे स्थान पर पाकिस्तान क्रिकेट टीम के विकेटकीपर बल्लेबाज मोहम्मद रिजवान हैं। उन्होंने SENA देशों में 12 टेस्ट खेले हैं और इसकी 22 पारियों में 1 बार नाबाद रहते हुए 41.09 की औसत से 863 रन बनाए हैं। उनके बल्ले से शतक तो एक भी नहीं निकला है, लेकिन उन्होंने 7 अर्धशतक जड़े हैं। उनका सर्वश्रेष्ठ स्कोर 95 रन रहा है। इन 4 देशों में से रिजवान ने सर्वाधिक 370 रन ऑस्ट्रेलिया की सरजमीं पर बनाए हैं।