Page Loader
ऋषभ पंत ने न्यूजीलैंड के खिलाफ खेली शानदार अर्धशतकीय पारी, बनाए ये रिकॉर्ड्स 
ऋषभ पंत ने अच्छी पारी खेली (तस्वीर: एक्स/@BCCI)

ऋषभ पंत ने न्यूजीलैंड के खिलाफ खेली शानदार अर्धशतकीय पारी, बनाए ये रिकॉर्ड्स 

Nov 02, 2024
12:44 pm

क्या है खबर?

भारतीय क्रिकेट टीम और न्यूजीलैंड क्रिकेट टीम के बीच खेले जा रहे तीसरे टेस्ट मैच में विकेटकीपर बल्लेबाज ऋषभ पंत ने शानदार अर्धशतकीय पारी (60) खेली है। इस पारी के दौरान उन्होंने कई रिकॉर्ड्स अपने नाम किए हैं। वह न्यूजीलैंड के खिलाफ सबसे तेज अर्धशतक जड़ने वाले भारतीय बल्लेबाज बन गए हैं। उन्होंने 36 गेंदों का सामना करते हुए अर्धशतक पूरा किया। पंत ने यशस्वी जायसवाल का रिकॉर्ड तोड़ा, जिन्होंने 41 गेंद पर इस टीम के खिलाफ अर्धशतक जड़ा था।

उपलब्धि

पंत ने हासिल की ये बड़ी उपलब्धि 

पंत टेस्ट क्रिकेट में सबसे ज्यादा 50+ का स्कोर बनाने वाले भारतीय विकेटकीपर बल्लेबाज में दूसरे स्थान पर आ गए हैं। उन्होंने पूर्व दिग्गज फारूक इंजीनियर का पीछे छोड़ा है, जिन्होंने 18 बार टेस्ट में 50+ का स्कोर बनाया था। पंत 19 बार यह कारनामा कर चुके हैं। इस सूची में पहले स्थान पर महेंद्र सिंह धोनी हैं। उन्होंने टेस्ट क्रिकेट में 39 बार भारतीय टीम के लिए खेलते हुए 50+ का स्कोर बनाया है।

जानकारी

18 साल बाद हुआ ऐसा 

पंत पिछले 18 सालों में पहले ऐसे भारतीय विकेटकीपर बल्लेबाज हैं, जिन्होंने मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में अर्धशतकीय पारी खेली है। आखिरी बार साल 2006 में इंग्लैंड क्रिकेट टीम के खिलाफ धोनी ने इस मैदान पर 64 रन बनाए थे।

रिकॉर्ड

पंत ने तोड़ा धोनी का यह रिकॉर्ड 

पंत भारत के लिए 100 से ज्यादा की स्ट्राइक रेट से बल्लेबाजी करते हुए सबसे ज्यादा अर्धशतक जड़ने वाले विकेटकीपर बल्लेबाज बन गए हैं। पंत ने 5 बार ये किया है। दिल्ली के इस खिलाड़ी ने धोनी का रिकॉर्ड तोड़ा है। धोनी ने अपने टेस्ट करियर में 4 बार 100 से ज्यादा की स्ट्राइक रेट से अर्धशतकीय पारी खेली खेली थी। तीसरे स्थान पर पार्थिव पटेल हैं। उन्होंने अपने टेस्ट करियर में 2 बार यह किया था।

पारी

कैसी रही पंत की पारी और साझेदारी?

एक समय भारतीय टीम के 4 बल्लेबाज सिर्फ 84 रन तक पवेलियन लौट गए थे। इसके बात पंत ने 59 गेंदों का सामना किया और 60 रन बनाए। उनके बल्ले से 8 चौके और 2 छक्के निकले। उनकी स्ट्राइक रेट 101.69 की रही। पंत ने शुभमन गिल के साथ मिलकर 114 गेंदों में 96 रन की साझेदारी निभाई। ऐसा लग रहा था ये विकेटकीपर बल्लेबाज बड़ी पारी खेलेगा, लेकिन ईश सोढ़ी की गेंद पर वह आउट हो गए।

करियर

कैसा रहा है पंत का टेस्ट करियर?

पंत ने पहला टेस्ट मैच साल 2018 में इंग्लैंड क्रिकेट टीम के खिलाफ खेला था। उन्होंने अब तक 38 मुकाबले खेले हैं। इसकी 65 पारियों में 5 बार नाबाद रहते हुए 2,629 रन बनाए हैं। उनकी औसत 43.81 की रही है। पंत के बल्ले से 6 शतक और 13 अर्धशतक निकले हैं। उनका सर्वश्रेष्ठ स्कोर 159* रन रहा है। न्यूजीलैंड के खिलाफ पंत के करियर का यह दूसरा अर्धशतक है। इस टीम के खिलाफ वह शतक नहीं लगा पाए हैं।