Page Loader
RCB बनाम LSG: मयंक यादव ने डाली IPL 2024 की सबसे तेज गेंद, जानिए उनके आंकड़े 
मयंक यादव ने मैच में घातक गेंदबाजी की (तस्वीर: एक्स/@LucknowIPL)

RCB बनाम LSG: मयंक यादव ने डाली IPL 2024 की सबसे तेज गेंद, जानिए उनके आंकड़े 

Apr 02, 2024
11:31 pm

क्या है खबर?

इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2024 के 15वें मैच में लखनऊ सुपर जायंट्स (LSG) के तेज गेंदबाज मयंक यादव ने घातक गेंदबाजी करते हुए रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) के 3 बल्लेबाजों को पवेलियन की राह दिखाई। यह खिलाड़ी 150 से ज्यादा की रफ्तार से गेंदबाजी करते हुए नजर आया। उन्होंने IPL 2024 की सबसे तेज गेंद भी डाली। उनकी आग उगलती हुई गेंदों के सामने बल्लेबाज कुछ कर ही नहीं पा रहे थे। आइए उनके आंकड़ों पर नजर डालते हैं।

गेंदबाजी

कैसी रही मयंक की गेंदबाजी?

मयंक ने 4 ओवर गेंदबाजी की और सिर्फ 14 रन खर्च किए। उन्होंने 3 बल्लेबाजों को पवेलियन की राह दिखाई। उनकी इकॉनमी रेट सिर्फ 3.50 की रही। मयंक ने रजत पाटीदार (29), ग्लेन मैक्सवेल (0) और कैमरून ग्रीन (9) को अपना शिकार बनाया। उन्होंने मैच में 155.8 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से गेंद डाली जो इस सीजन की सबसे तेज गेंद है। पिछले मैच में भी इस खिलाड़ी ने अपनी तेज गति से कहर बरपाया था।

डेब्यू

डेब्यू में किया था कमाल 

मयंक ने अपना पहला मुकाबला पंजाब किंग्स (PBKS) के खिलाफ खेला था। मैच में PBKS ने बिना विकेट खोए 102 रन बना लिए थे। मयंक ने जॉनी बेयर्टो(42) के रूप में पहला विकेट लिया। इसके बाद उन्होंने प्रभसिमरन सिंह (19) और जितेश शर्मा (6) को भी अपना शिकार बनाते हुए पवेलियन की राह दिखाई। उन्होंने पारी में अपने कोटे के 4 ओवरों में महज 6.80 की इकॉनकी से 27 रन खर्च करते हुए 3 बल्लेबाजों को पवेलियन लौटाया।

करियर

कैसा रहा है मयंक का क्रिकेट करियर? 

मयंक का यह IPL में सिर्फ दूसरा मैच था। उन्होंने इन 2 मुकाबलों में 6.83 की औसत और 5.13 की इकॉनमी रेट से 6 विकेट लिए हैं। इसके साथ ही मयंक ने 11 टी-20 मैचों में 14.26 की औसत और 6.48 की इकॉनमी से 15 विकेट चटकाए हैं। उनका सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन 20 रन देकर 3 विकेट रहा है। लिस्ट-A क्रिकेट के 17 मैचों में 21.55 की औसत और 5.35 की इकॉनमी से 34 विकेट भी अपने नाम कर चुके हैं।

कौन

कौन हैं मयंक?

सिर्फ 21 साल के मयंक घरेलू क्रिकेट में दिल्ली का प्रतिनिधित्व करते हैं। वह मूलत: बिहार के सुपौल के रहने वाले हैं। उन्हें IPL 2022 की नीलामी में LSG ने 20 लाख की बेस प्राइस में अपनी टीम के साथ जोड़ा था। इस खिलाड़ी ने दिल्ली के सोनेट क्रिकेट क्लब में ट्रेनिंग ली है। यह वही अकादमी है जहां से ऋषभ पंत, शिखर धवन और आशीष नेहरा जैसे दिग्गज खिलाड़ी निकले हैं।