IPL 2026 फाइनल: नरेंद्र मोदी स्टेडियम में कैसा रहा है RCB का प्रदर्शन?
क्या है खबर?
इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) के पिछले सीजन की विजेता रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) इस साल भी फाइनल में जगह बना चुकी है। टीम ने धर्मशाला के हिमाचल प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन स्टेडियम में क्वालिफायर-1 में गुजरात टाइटंस (GT) को हराकर फाइनल में प्रवेश किया था। फाइनल 31 मई को अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेला जाएगा, जहां RCB अपने पिछले साल जीते खिताब का बचाव करेगी। इस बीच, आइए इस मैदान पर RCB के प्रदर्शन पर नजर डालते हैं।
आंकड़े
कैसे हैं टीम के आंकड़े?
ESPNcricinfo के अनुसार, RCB ने नरेंद्र मोदी स्टेडियम में अब तक 8 IPL मैच खेले हैं, जिनमें से 4 जीते और 4 हारे हैं। यहां RCB का एकमात्र 200+ स्कोर (206/1) 2024 में GT के खिलाफ था। यहां RCB का सबसे कम स्कोर (145/8) 2021 में पंजाब किंग्स के खिलाफ रहा है। RCB ने इसी मैदान पर IPL 2025 का खिताब जीता था। इस सीजन RCB को लीग स्टेज में इस मैदान पर GT के खिलाफ हार मिली थी।
खिलाड़ी
इन खिलाड़ियों का अच्छा रहा प्रदर्शन?
विराट कोहली इस मैदान पर RCB के लिए सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज हैं। उन्होंने 8 पारियों में 48.33 की औसत से 290 रन बनाए हैं, जिसमें 2 अर्धशतक शामिल हैं। टीम के कप्तान रजत पाटीदार ने यहां 6 पारियों में 135.37 के स्ट्राइक रेट से 133 रन बनाए हैं। गेंदबाजी में भुवनेश्वर कुमार ने यहां सिर्फ 6 मैचों में 14 विकेट लिए हैं, जिसमें एक 5 विकेट हॉल भी शामिल है।
सफर
इस सीजन अब तक कैसा रहा RCB का सफर?
फाइनल तक RCB ने IPL 2026 में शानदार प्रदर्शन किया है और अब तक कुल 10 मैच जीते हैं। लीग स्टेज के 14 मैचों में से टीम ने 9 जीते और अंक तालिका में शीर्ष पर रही। इसके बाद टीम ने क्वालिफायर-1 में GT को हराकर फाइनल में जगह पक्की की। इस सीजन में RCB ने हर चुनौती का डटकर सामना करते हुए शानदार खेल दिखाया है।