IPL 2020: अब दिल्ली के लिए खेलेंगे रविचंद्रन अश्विन, इतने करोड़ में हुई डील
क्या है खबर?
दुनिया की सबसे बड़ी क्रिकेट लीग यानी इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) के अगले सीज़न का बिगुल बज गया है। वैसे तो अभी इस लीग के 13वें सीज़न के आगाज़ में लगभग पांच महीने से ज्यादा का वक्त है, लेकिन फ्रेंचाइज़ियों ने इसकी तैयारी अभी से शुरु कर दी है।
ताजा जानकारी मिली है कि किंग्स इलेवन पंजाब के कप्तान आर अश्विन IPL 2020 में दिल्ली कैपिटल्स के लिए खेलते दिखेंगे।
जानिए दिल्ली और पंजाब के बीच कैसे हुई यह डील।
डील
एक खिलाड़ी और 1.5 करोड़ रुपये के बदले पंजाब से दिल्ली गए अश्विन
बता दें कि हाल ही में किंग्स इलेवन पंजाब के सह-मालिक नेस वाडिया ने कहा था कि अश्विन और पंजाब आपसी सहमति से अलग हुए, लेकिन अभी किसी टीम से उनको लेकर डील नहीं हुई है।
लेकिन अब अश्विन को लेकर दिल्ली और पंजाब के बीच डील हो गई है। दरअसल, दिल्ली कैपिटल्स आर अश्विन के बदले पंजाब को 1.5 करोड़ रुपये और कर्नाटक के स्पिनर जगदीश सुचित को देगी।
इस डील की जानकारी नेस वाडिया ने खुद दी है।
बातचीत
हम अश्विन को भविष्य के लिए शुभकामनाएं देते हैं- नेस वाडिया
इस डील के बाद पंजाब के सह-मालिक नेस वाडिया ने कहा, "हर कोई इस डील से खुश है। हम खुश हैं, दिल्ली कैपिटल्स खुश है और अश्विन भी खुश है। हम अश्विन को लेकर तीन टीमों से बात कर रहे थे और अंत में इस फैसले पर आए। हम अश्विन को भविष्य के लिए शुभकामनाएं देते हैं।"
जानकारी के मुताबिक, दिल्ली कैपिटल्स आर अश्विन को 7.6 करोड़ रुपये देगी, क्योंकि पंजाब ने नीलामी में इतनी ही रकम में खरीदा था।
मांग
ट्रेंट बोल्ट को लेना चाहती थी किंग्स इलेवन पंजाब
बताया जा रहा है कि अश्विन को लेकर दिल्ली और पंजाब के बीच लंबे वक्त से बातचीत चल रही थी। दरअसल, पंजाब अश्विन के बदले न्यूजीलैंड के तेज़ गेंदबाज़ ट्रेंट बोल्ट को मांग रही थी, लेकिन दिल्ली इसके लिए राज़ी नहीं हो रही थी।
हालांकि, अंत में लेफ्ट आर्म स्पिनर जगदीश सुचित और 1.5 करोड़ रुपये में दिल्ली और पंजाब के बीच यह डील सुनिश्चित हुई।
जगदीश के नाम IPL में 15 मैचों में 12 विकेट हैं।
प्रदर्शन
कप्तान के रूप में बुरी तरह से फेल रहे थे आर अश्विन
KXIP ने आर अश्विन को IPL 2018 की नीलामी में 7.6 करोड़ रूपये में खरीदा था। तब से ही अश्विन इस टीम के कप्तान थे।
पंजाब के लिए अश्विन ने अब तक 28 मैच खेले हैं, जिनमें उन्होंने 32.40 की औसत के साथ 25 विकेट लेने के अलावा 144 रन भी बनाए हैं।
बतौर कप्तान अश्विन का प्रदर्शन काफी खराब रहा है। अश्विन के नेतृत्व में पंजाब IPL 2018 में 7वें और IPL 2019 में छठें स्थान पर रही थी।
नियम
14 नवंबर तक खिलाड़ियों की अदला-बदली कर सकती हैं टीमें
आपकी जानकारी के लिए बता दें कि टीमें 14 नवंबर तक ट्रांसफर विंडो नियम का इस्तेमाल कर खिलाड़ियों की अदला-बदला कर सकती है।
इसके बाद 19 दिसंबर को कोलकाता में IPL 2020 की नीलामी का आयोजन होगा। रिपोर्ट के मुताबिक, IPL के 13वें सीज़न का आगाज़ अगले साल अप्रैल की शुरुआत में होने की संभावना है।
इस सीज़न की नीलामी में कई युवा भारतीय खिलाड़ियों पर पैसों की बारिश हो सकती है।