मोहम्मद सिराज को लगातार दूसरे टेस्ट से बाहर करने पर रविचंद्रन अश्विन ने जताई चिंता
क्या है खबर?
न्यूजीलैंड क्रिकेट टीम के खिलाफ 2 मैचों की टेस्ट सीरीज के दूसरे मुकाबले में भी तेज गेंदबाज मोहम्मद सिराज को भारतीय क्रिकेट टीम की प्लेइंग इलेवन से बाहर रखा गया है। टीम प्रबंधन के इस फैसले पर अब सवाल उठने लगे हैं। विश्व टेस्ट चैंपियनशिप (WTC) चक्र में 11 मैचों में 43 विकेट लेकर भारत के सबसे सफल गेंदबाज होने के बावजूद सिराज के बाहर बैठने पर दिग्गज स्पिनर रविचंद्रन अश्विन ने चिंता जताते हुए कड़ी प्रतिक्रिया दी है।
बयान
अश्विन ने क्या दिया बयान?
अश्विन ने अपने यूट्यूब चैनल पर कहा, "जो संदेश बाहर आ रहा है, वह यह है कि सिराज प्लेइंग इलेवन में खेलने लायक नहीं हैं। अब तेज गेंदबाजों की सूची में वह शायद नीतीश कुमार रेड्डी से भी पीछे हैं। सिराज इस समय अपने करियर के सबसे निचले दौर में होंगे। मुझे उम्मीद है कि कोई उनसे बात करेगा, उन्हें अपनी बात रखने का मौका देगा और दिशा दिखाएगा। मुझे नहीं लगता कि सिराज के लिए इसका अंत अच्छा होगा।"
असुरक्षा
अश्विन ने टीम में असुरक्षा के माहौल पर दिया बयान
अश्विन ने टीम में असुरक्षा के माहौल पर कहा, "सिर्फ जगह बदली है, कहानी वही है। मुझे सिराज के लिए बुरा लग रहा है क्योंकि वह बहुत भावुक इंसान हैं। आज सिराज के साथ ऐसा हो रहा है, कल किसी और के साथ होगा। इससे टीम में वास्तविक अस्थिरता पैदा हो रही है। जब गुरनूर बरार को 7वें गेंदबाज के रूप में स्क्वाड में शामिल किया गया था, तभी मैं समझ गया था कि सिराज यह मैच नहीं खेलेंगे।"
सवाल
मैदान पर भावुक दिखे सिराज, रहाणे और कार्तिक ने भी उठाए सवाल
दूसरे टेस्ट से बाहर किए जाने के बाद सिराज मैदान पर काले चश्मे से आंखें छिपाते हुए नजर आए, जिस पर कमेंट्री कर रहे अजिंक्य रहाणे और मुरली कार्तिक की नजर पड़ी।
रहाणे ने कहा, "ये दृश्य देखिए।" इस पर मुरली कार्तिक ने पूछा, "क्या वह रो रहे हैं? जाहिर है, इससे दुख होता है। वह निश्चित रूप से काफी भावुक दिख रहे हैं क्योंकि वह एक संवेदनशील इंसान हैं। उन्हें वनडे सीरीज में भी बेंच पर बैठाया गया था।"