मोहम्मद शमी के संन्यास पर चयनकर्ताओं पर भड़के रवि शास्त्री, कहा- उन्हें मिलना चाहिए था मौका
क्या है खबर?
भारतीय क्रिकेट टीम के तेज गेंदबाज मोहम्मद शमी ने बीते शुक्रवार को टेस्ट क्रिकेट से संन्यास का ऐलान किया। उन्होंने पिछले 3 साल से ज्यादा समय से कोई टेस्ट नहीं खेला था। इस पर पूर्व भारतीय कोच रवि शास्त्री ने अपनी प्रतिक्रिया दी है और चयनकर्ताओं की आलोचना की है। शास्त्री ने कहा कि शमी अभी भी अच्छे फॉर्म में थे और उनके पास और 30-40 विकेट निकालने की क्षमता थी। आइए जानते हैं उन्होंने क्या कुछ कहा है।
बयान
शमी को पिछले एक साल में भारतीय टीम में मौके मिलने चाहिए थे- शास्त्री
भारत और न्यूजीलैंड के बीच दूसरे वनडे से पहले शास्त्री ने कहा, "यह दुख की बात है कि जिस खिलाड़ी ने देश के लिए इतना शानदार प्रदर्शन किया हो, उसे अब जाना पड़ रहा है। मुझे पक्का यकीन था कि वह अभी 30-40 विकेट और ले सकते थे। उन्हें पिछले 12 महीनों में खेलना चाहिए था और शायद टेस्ट मैचों में एक गेंदबाज के तौर पर टीम का हिस्सा होना चाहिए था।"
सवाल
लगातार गेंदबाजी करने में सक्षम थे शमी- शास्त्री
शास्त्री ने जिम आधारित फिटनेस पर भी सवाल उठाए। उन्होंने तर्क दिया कि शमी ने रेड-बॉल क्रिकेट की चुनौतियों को सफलतापूर्वक संभालकर अपनी फिटनेस पहले ही साबित कर दी है।
शास्त्री ने आगे कहा, "अगर आप किसी मैच में 10 या 12 ओवर गेंदबाजी नहीं कर सकते, तो जिम में फिट होने का क्या मतलब है? आपके पास एक ऐसा खिलाड़ी है जो लगातार गेंदबाजी कर सकता है। इसलिए, मुझे थोड़ी निराशा है कि उन्हें एक और मौका नहीं मिला।"
बयान
फिटनेस की खबरों के बीच बंगाल के लिए लगातार मैच खेल रहे थे शमी- शास्त्री
शास्त्री ने कहा, "मैंने उनकी फिटनेस ठीक न होने के बारे में कई खबरें सुनी हैं, लेकिन वह बंगाल के लिए हर मैच खेल रहे थे। वह 15-20 ओवर गेंदबाजी कर रहे थे। अपनी फिटनेस साबित करने के लिए एक खिलाड़ी से आप और क्या उम्मीद कर सकते हैं? अगर वह अच्छी फॉर्म में हैं, उनका IPL अच्छा रहता है, और अचानक आपका कोई सीनियर गेंदबाज चोटिल हो जाता है, तो आप अनुभव की तलाश करेंगे।"
करियर
ऐसा रहा शमी का टेस्ट करियर
शमी ने अपना पहला टेस्ट साल 2013 में वेस्टइंडीज क्रिकेट टीम के खिलाफ खेला था। उन्होंने अपने टेस्ट करियर में 64 मुकाबले खेले।
इस दौरान 122 पारियों में 27.71 की औसत से 229 विकेट लिए। उन्होंने 6 बार 5 विकेट हॉल और 12 बार 4 विकेट हॉल अपने नाम किए। उनका सर्वश्रेष्ठ गेंदबाजी प्रदर्शन 6/56 का रहा।
उन्होंने अपने टेस्ट करियर में सबसे ज्यादा 11 टेस्ट में 48 विकेट दक्षिण अफ्रीका क्रिकेट टीम के खिलाफ लिए।