वनडे क्रिकेट में राशिद खान के सबसे शानदार गेंदबाजी प्रदर्शन
क्या है खबर?
अफगानिस्तान क्रिकेट टीम ने सीरीज के दूसरे वनडे मैच में आयरलैंड क्रिकेट टीम को 92 रन से हराया। जीत के लिए मिले 300 रन के लक्ष्य (47 ओवर में) का पीछा करते हुए मेजबान टीम 207 रन रन पर सिमट गई। अफगानिस्तान की इस जीत में राशिद खान ने अविश्वसनीय प्रदर्शन करते हुए कुल 6 विकेट लिए। इस बीच राशिद के वनडे में किए सर्वश्रेष्ठ गेंदबाजी प्रदर्शनों पर एक नजर डालते हैं।
#1
अफगानिस्तान बनाम वेस्टइंडीज (7/18, 2017)
राशिद वनडे क्रिकेट में एक मैच में 7 विकेट लेने का कारनामा कर चुके हैं।
इस लेग स्पिनर ने 2017 में वेस्टइंडीज क्रिकेट टीम के खिलाफ 8.4 ओवर में 18 रन देते हुए 7 विकेट लिए थे।
ग्रोस आइलेट में खेले गए उस मैच में अफगान टीम ने पहले खेलते हुए 212/6 का स्कोर बनाया था।
जवाब में राशिद की फिरकी के सामने कैरेबियाई टीम सिर्फ 149 रन पर ढेर हुई थी।
#2
अफगानिस्तान बनाम आयरलैंड (6/34, 2026)
ब्रेडी में बारिश से प्रभावित मैच 47-47 ओवरों का खेला गया, जिसमें अफगानिस्तान ने पहले खेलते हुए 299/8 का स्कोर बनाया।
जवाब में आयरलैंड की टीम 207 रन पर सिमट गई।
राशिद ने 7.4 ओवर में 34 रन देते हुए 6 विकेट लिए।
उन्होंने एंड्रयू बालबर्नी, हैरी टेक्टर, कर्टिस कैम्फर, बेंजामिन कैलिट्ज, जय मूंदड़ा और बायरन मैकडोनो को अपनी फिरकी के जाल में फंसाया।
यह उनके वनडे करियर का कुल 7वां, 5 विकेट हॉल साबित हुआ।
#3
अफगानिस्तान बनाम आयरलैंड (6/43, 2017)
अफगानिस्तान ने 2017 में आयरलैंड को ग्रेटर नोएडा में खेले गए वनडे मैच में 34 रन से हराया था।
उस मैच में अफगानी टीम ने 338 रन का स्कोर बनाया था, जिसमें कप्तान असगर अफगान ने शतक (101) लगाया था।
जवाब में आयरिश टीम सभी विकेट खोकर 304 रन ही बना सकी थी।
राशिद ने 9.3 ओवर में 43 रन देते हुए 6 विकेट लिए थे।
उन्होंने पॉल स्टर्लिंग, विलियम पोर्टरफील्ड, और गैरी विल्सन जैसे प्रमुख विकेट लिए थे।
#4
अफगानिस्तान बनाम बांग्लादेश (5/17, 2025)
2025 में बांग्लादेश के खिलाफ दूसरे वनडे में अफगानिस्तान ने 81 रन से जीत दर्ज की थी।
अबुधाबी में खेले गए उस मैच में अफगान टीम ने सभी विकेट खोकर 190 रन बनाए थे।
जवाब में बांग्लादेशी टीम 109 रन पर सिमट गई थी।
दिग्गज गेंदबाज राशिद ने 17 रन देते हुए 5 विकेट लिए थे। यह उनका बांग्लादेश के खिलाफ वनडे में इकलौता 5 विकेट हॉल है।