अफगानिस्तान पर पाकिस्तान के हमले से भड़के राशिद खान, बोले- आम लोगों पर हमला युद्ध अपराध
क्या है खबर?
बीते सोमवार की रात को पाकिस्तान की सेना ने अफगानिस्तान पर भारी बमबारी की है, जिसमें 400 से ज्यादा लोगों के मारे जाने की खबर है। इस हवाई हमले से दुखी अफगानिस्तान के प्रमुख क्रिकेटर राशिद खान ने पाकिस्तान पर जमकर निशाना साधा है। उन्होंने एक्स पर पोस्ट करते हुए पाकिस्तान के खिलाफ अपना गुस्सा जाहिर किया है और साथ में अपने देश के लोगों के प्रति समर्थन व्यक्त किया। आइए जानते हैं उन्होंने क्या कुछ कहा है।
पोस्ट
आम लोगों को निशाना बनाकर पाकिस्तान ने युद्ध अपराध किया है- राशिद खान
अफगानिस्तान के पूर्व कप्तान राशिद ने लिखा, 'काबुल में पाकिस्तानी हवाई हमलों के कारण आम नागरिकों के हताहत होने की ताजा खबरों से मुझे गहरा दुख हुआ है। आम नागरिकों के घरों, शिक्षण संस्थानों या चिकित्सा सुविधाओं को निशाना बनाना, चाहे जान-बूझकर किया गया हो या गलती से, एक युद्ध अपराध है। रमजान के इस पवित्र महीने में इंसानी जानों के प्रति इस तरह की घोर उपेक्षा चिंता का विषय है।'
पोस्ट
राशिद ने संयुक्त राष्ट्र से दखल की अपील की
राशिद ने आगे पोस्ट में लिखा, 'मैं संयुक्त राष्ट्र और मानवाधिकारों के लिए काम करने वाली अन्य एजेंसियों से अपील करता हूं कि वे इस ताजा अत्याचार की गहन जांच करें और इसके दोषियों को जवाबदेह ठहराएं। इस मुश्किल घड़ी में मैं अपने अफगान लोगों के साथ खड़ा हूं। हम इस सदमे से उबरेंगे, और एक राष्ट्र के रूप में हम फिर से उठ खड़े होंगे। हम हमेशा ऐसा ही करते आए हैं। इंशाअल्लाह।'
ट्विटर पोस्ट
राशिद खान का पोस्ट
I am deeply saddened by the latest reports of civilian casualties as a result of Pakistani airstrikes in Kabul. Targeting civilian homes, educational facilities or medical infrastructure, either intentional or by mistake, is a war crime. The sheer disregard for human lives,… pic.twitter.com/DbFRRh2qAJ
— Rashid Khan (@rashidkhan_19) March 16, 2026
पोस्ट
अजमतुल्लाह उमरजई ने भी अपना गुस्सा जाहिर किया
अफगानिस्तान के ऑलराउंडर अजमतुल्लाह उमरजई ने अपना गुस्सा जाहिर करते हुए पोस्ट किया, 'आज रात कुछ देर पहले, हमने काबुल में एक जोरदार धमाका सुना। इसके तुरंत बाद पाकिस्तानी हवाई हमलों की चपेट में आए एक अस्पताल से आग की लपटें आसमान की ओर उठने लगीं। रमजान के महीने में, जब लोग अपना रोज़ा खोल चुके थे, तब कई बेगुनाह जानें चली गईं और कई अन्य घायल हो गए। हम न्याय और शांति के लिए प्रार्थना करते हैं।'
पोस्ट
कप्तान इब्राहिम जादरान की ऐसी रही प्रतिक्रिया
अफगानिस्तान के कप्तान इब्राहिम जादरान ने मृत लोगों के लिए अपनी संवेदनाएं व्यक्त की। उन्होंने एक्स पर पोस्ट किया, 'हमारे वे भाई, जो कल रोजा रखने वाले थे, अब या तो इस दुनिया में नहीं रहे, या फिर घायल हैं। आज रात जो भी परिवार शोक में डूबा है, मेरी संवेदनाएं उन सभी के साथ हैं। काबुल दर्द में है। हम न्याय के लिए प्रार्थना करते हैं।'
नबी
नबी ने भी हमले की निंदा की
अफगानिस्तान के दिग्गज ऑलराउंडर मोहम्मद नबी ने भी पाकिस्तानी हमले की निंदा की। उन्होंने पोस्ट किया, 'आज रात काबुल के एक अस्पताल में उम्मीद की लौ बुझ गई। इलाज के लिए आए युवा पुरुषों को पाकिस्तानी सैन्य शासन द्वारा की गई बमबारी में मार डाला गया। दरवाज़े पर खड़ी माताएँ अपने बेटों के नाम पुकारती रहीं। रमजान की 28वीं रात को, उनकी जिंदगी असमय ही छीन ली गई।
बयान
तालिबान प्रशासन का बयान
पाकिस्तान के हमले पर तालिबान प्रशासन के प्रवक्ता हमीदुल्लाह फितरत ने एक्स पर बताया, 'पाकिस्तानी सैन्य शासन ने 'उम्मीद एडिक्शन ट्रीटमेंट हॉस्पिटल' पर हवाई हमला किया। यह 2,000 बिस्तरों वाला एक ऐसा अस्पताल है जो विशेष रूप से नशे की लत के इलाज के लिए समर्पित है। इस हमले में अस्पताल का एक बड़ा हिस्सा तबाह हो गया। अब तक मरने वालों की संख्या 400 तक पहुंच गई है, लगभग 250 अन्य लोगों के घायल होने की खबर है।'